azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा में बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने के लिए 1 से 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

- आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष तथा रोजगार कार्यालय में तीन वर्ष पुराना पंजीकरण होना अनिवार्य

Posted On: 29 Oct 2026 5:18PM

फरीदाबाद, 29 अक्टूबर।

हरियाणा सरकार के रोजगार विभाग द्वारा शिक्षित बेरोजगार प्रार्थियों को बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने के लिए 1 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक एवं पात्र आवेदक विभागीय पोर्टल [www.hrex.gov.in](https://www.hrex.gov.in) पर निर्धारित अवधि के दौरान आवेदन कर सकते हैं।

बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने के लिए आवेदकों को विभाग द्वारा निर्धारित पात्रता एवं शर्तों को पूरा करना अनिवार्य है। इसके तहत आवेदक के पास संबंधित जिले का निवास प्रमाण-पत्र (डोमिसाइल) तथा परिवार पहचान पत्र होना चाहिए। आवेदक का रोजगार कार्यालय में पंजीकरण 31 अक्टूबर 2026 तक कम से कम तीन वर्ष पुराना होना आवश्यक है। इसके साथ ही आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

निर्धारित नियमों के अनुसार, आवेदक के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, आवेदक के परिवार की आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्ति का मूल्य 10 लाख रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए अथवा परिवार के पास कृषि भूमि दो हेक्टेयर से अधिक नहीं होनी चाहिए।

शैक्षणिक योग्यता के संबंध में आवेदक का 12वीं पास होना अथवा दसवीं कक्षा के बाद दो वर्षीय कोर्स उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदन करने वाला प्रार्थी वर्तमान में विद्यार्थी, प्रशिक्षणार्थी अथवा अप्रेंटिस नहीं होना चाहिए। विवाहित महिला आवेदक के मामले में पात्रता निर्धारित करते समय उसके मायके के परिवार के स्थान पर ससुराल के परिवार को शामिल किया जाएगा, न कि माता-पिता और भाई-बहन को।

इसके अलावा, आवेदक की अंतिम शैक्षणिक योग्यता रोजगार कार्यालय में 31 अक्टूबर 2026 तक अपडेट की गई होनी चाहिए तथा रोजगार कार्यालय में उसका पंजीकरण तीन वर्ष पुराना होना अनिवार्य है। विभाग द्वारा पात्र आवेदकों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करने का अनुरोध किया गया है। आवेदन करने से पहले सभी पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं जानकारी को अपडेट रखना सुनिश्चित करें।


 

*****

 


(Release ID: 10144)