Elections
azadi ka amrit mahotsav

झज्जर- एसआईआर-2026

वोटर के दावे व आपत्तियों की तिथि बढ़कर हुई 20 नवंबर : डीसी

30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Posted On: 30 Oct 2026 2:45PM
झज्जर, 30 अक्टूबर 
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों अनुरूप चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए जिला प्रशासन सक्रियता से कार्य कर रहा है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एसआईआर के तहत जारी सभी नोटिस पर सुनवाई की तिथि बढ़कर अब 20 नवम्बर हो गई है। ऐसे में यह  कार्य शुक्रवार 20 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। पुनरीक्षण से संबंधित प्रत्येक गतिविधि निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नोटिस की सुनवाई में बरती जाए पारदर्शिता
डीसी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत जारी नोटिस पर सुनवाई का कार्य जारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शेष नोटिस की सुनवाई 20 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। संबंधित मतदाताओं तक नोटिस पहुंचाने, उन्हें सुनवाई का अवसर देने और प्रत्येक मामले का नियमानुसार निपटान करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार किया जाए।
फॉर्म-6, 7 और 8 के आवेदनों का भी हो समय पर निपटारा
डीसी ने अधिकारियों को एसआईआर के दौरान प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के आवेदनों का भी नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने से संबंधित दावों के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन सहित अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है। इन आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए।
राजनीतिक दलों के साथ साझा की जा रही दावे-आपत्तियों की सूची
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से जिला के चारों निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारी के स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। दावों और आपत्तियों से संबंधित सूचियां प्रत्येक सप्ताह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जा रही हैं, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और सभी संबंधित पक्षों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि दावों और आपत्तियों की सुपर-चेकिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
जिलाभर में 807 मतदान केंद्रों पर तैनात हैं बीएलओ
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक जारी प्रारूप मतदाता सूची में कुल 6 लाख 68 हजार 832 मतदाता दर्ज हैं। जिले के सभी 807 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की तैनाती की गई है। इनके कार्यों की निगरानी के लिए सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं। प्रशासन की ओर से पुनरीक्षण कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि अभियान के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
आगामी 30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। साथ ही, मतदाता सूची से संबंधित प्रत्येक कार्रवाई में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को उपडेट और विश्वसनीय बनाना है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
--------------
फोटो कैप्शन: वर्षा खांगवाल,डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी,झज्जर।
-------

 

*****

 


(Release ID: 10171)