azadi ka amrit mahotsav

सीएम विंडो पर शिकायतों के समाधान में नूंह जिले का बेहतर प्रदर्शन, 77 अंक के साथ प्रदेश में छठे स्थान पर

अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में उपायुक्त अखिल पिलानी ने दी जिले की प्रगति की जानकारी

Posted On: 30 Oct 2026 4:06PM
नूंह, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विंडो पर प्राप्त जनशिकायतों के समाधान और उनके प्रभावी निस्तारण के मामले में नूंह जिले ने प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन किया है। 27 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई समग्र प्रदर्शन रैंकिंग में नूंह जिले ने 100 में से 77 अंक प्राप्त करते हुए प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है। इस संबंध में शुक्रवार को हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त राजस्व एवं आपदा प्रबंधन डॉ. सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सभी उपायुक्तों की समीक्षा बैठक में उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले की प्रगति की जानकारी दी।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री विंडो के माध्यम से अब तक कुल 42,551 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें से 39,134 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। इस प्रकार कुल 3,417 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने बताया कि समग्र प्रदर्शन स्कोर में नूंह जिले को 77 अंक प्राप्त हुए हैं। इसमें शिकायतों पर कार्रवाई शुरू करने के लिए 20 में से 18 अंक, कार्रवाई रिपोर्ट अपलोड करने के लिए 25 में से 21 अंक, लंबित एवं समयसीमा से अधिक मामलों के प्रदर्शन के लिए 25 में से 14 अंक तथा शिकायतों के निस्तारण के लिए 30 में से 24 अंक मिले हैं।
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 तक की लंबित शिकायतों से संबंधित रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 11,679 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 11,547 का निस्तारण किया जा चुका था और 132 शिकायतें लंबित थीं। इनमें से 37 शिकायतें निर्धारित समयसीमा से अधिक समय से लंबित थीं। इसके अतिरिक्त 27 शिकायतों में स्पष्टीकरण तथा 48 मामलों में मल्टीमार्किंग की स्थिति दर्शाई गई है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में 30 दिन से अधिक समय से ऐसी कोई शिकायत लंबित नहीं है, जिस पर कार्रवाई शुरू न की गई हो अथवा कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत न की गई हो। इसी प्रकार 90 दिन से अधिक, छह माह से अधिक, एक वर्ष से अधिक और दो वर्ष से अधिक अवधि की श्रेणियों में भी बिना कार्रवाई रिपोर्ट वाले मामलों की संख्या शून्य दर्ज की गई है।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विंडो पर दर्ज होने वाली शिकायतों का पूरा विवरण पोर्टल पर दर्ज करने और शिकायतकर्ता द्वारा आवेदन में लिखे गए विषय को बिना संक्षिप्त किए स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देशों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही पोर्टल पर लॉगिन करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी प्रोफाइल में आवश्यक विवरण अपडेट रखने के निर्देश दिए गए, ताकि शिकायतों की निगरानी और उनके निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

 

*****

 


(Release ID: 10190)