azadi ka amrit mahotsav

आईटीआई में ‘युवा संवाद- अपने मताधिकार को जानें’ कार्यक्रम आयोजित

युवाओं को लोकतंत्र, मतदान के महत्व और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक

Posted On: 30 Oct 2026 4:51PM

सिरसा, 30 अक्टूबर- मेरा युवा भारत, सिरसा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सिरसा में ‘युवा संवाद-अपने मताधिकार को जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व तथा उनके नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।

यह कार्यक्रम देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘विकसित भारत युवा संवाद अभियान’ का हिस्सा है। इस अभियान के तहत 5 नवंबर 2026 तक देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोडऩे के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा के प्राचार्य बुद्धराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि युवा आदर्श रितिका यदुवंशी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा न केवल देश का भविष्य हैं, बल्कि वर्तमान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी उनकी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे तथा विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के लिए लोकतांत्रिक शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर युवाओं को जागरूक मतदाता बनने, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। मेरा युवा भारत, सिरसा की ओर से युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा शक्ति वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सके।


 

*****

 


(Release ID: 10240)