azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन

Posted On: 30 Oct 2026 6:17PM
रेवाड़ी, 30 अक्तूबर।
मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के कृष्ण नगर, नाहड़ स्थित रीजनल सेंटर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में किस्मत ने प्रथम, गुलशन ने द्वितीय तथा कुसुम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में हिमांशी प्रथम, सोनिका द्वितीय तथा प्रियंका तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुमित यादव, जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत रेवाड़ी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से प्रत्येक युवा को देशभक्ति, समर्पण और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं अवसरों का लाभ उठाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्थान निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने युवाओं को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने तथा सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के माध्यम से अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को निखारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सतीश मस्तान, मनीषा, आरती, किस्मत, मोनिका, कुसुम, मोहिनी एवं मुस्कान ने सरदार वल्लभभाई पटेल के अखंड भारत के निर्माण में दिए गए योगदान पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की। मेरा युवा भारत रेवाड़ी की ओर से यतिन चरण ने राष्ट्रीय एकता पर आधारित काव्य प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर किया।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार एवं डॉ. अंजलि पांचाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर डॉ. सोनिया यादव, डॉ. प्रदीप शर्मा, धीरज यादव, अंजू शर्मा, बिन्दु यादव, निर्मला, सुशीला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी युवाओं ने एकता मार्च निकालकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश दिया तथा देश की एकता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया।
--------

 

*****

 


(Release ID: 10256)