azadi ka amrit mahotsav

पांचवीं सांसद खेल प्रतियोगिता में बेटियों ने दिखाया दमखम, खेलों के माध्यम से देश का नाम रोशन करने का किया आह्वान : कृष्णपाल गुर्जर

- लगभग 1500 खिलाड़ियों की ऐतिहासिक भागीदारी, युवा ऊर्जा का केंद्र बना फरीदाबाद का खेल परिसर

Posted On: 31 Oct 2026 2:46PM
फरीदाबाद, 31 अक्टूबर। 
भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में आयोजित की जा रही सांसद खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे कस्बों और दूरदराज के इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम बन रही हैं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है, जिन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर नहीं मिल पाता।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर आज सेक्टर- 12 स्थित खेल परिसर में आयोजित आयोजित पांचवीं सांसद खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष बेटियों और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को बेटियों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जबकि 20, 21 और 22 नवंबर को पुरुष खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मना रहा है। इस अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों को सरदार पटेल की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और हरियाणा सरकार की खेल नीतियों के परिणामस्वरूप भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। कॉमनवेल्थ, एशियन और अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ पैरा खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विशेष रूप से बेटियों ने हॉकी, क्रिकेट और कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास और अनुशासन के लिए भी बेहद जरूरी हैं। हरियाणा को खेलों की खान बताते हुए उन्होंने कहा कि देश द्वारा जीते जाने वाले कुल पदकों में हरियाणा के खिलाड़ियों की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत से अधिक रहती है। कुश्ती, बॉक्सिंग, कबड्डी, हॉकी और एथलेटिक्स जैसे खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। उनका लक्ष्य केवल जिला या लोकसभा स्तर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि भविष्य में हरियाणा और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना होना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, उपायुक्त आयुष सिन्हा, खेल विभाग, संबंधित एसडीएम एवं अन्य अधिकारियों की सराहना की। साथ ही आयोजन में सीएसआर के माध्यम से सहयोग देने वाले फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और सभी उद्योगपतियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विभिन्न टीमों द्वारा उत्साहपूर्वक मार्च पास्ट के जरिए अपने जोश और उत्साह का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने  उपस्थित समस्त खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने एवं खेल भावना को जीवन में अपनाने की शपथ भी दिलाई। खेल महोत्सव में इस बार 14 विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में बालिका वर्ग शामिल है, जो समावेशी खेल संस्कृति को दर्शाता है। उद्घाटन के उपरांत 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कन्या धावकों ने भाग लिया। श्री गुर्जर ने स्वयं रेस ट्रैक पर पहुँचकर खिलाड़ियों से संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, खेल विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राम मेहर, पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष सोनपाल सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योगपति, खिलाड़ी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 10289)