azadi ka amrit mahotsav

पलवल जिला का ‘विकसित हरियाणा और विकसित भारत’ के निर्माण में रहेगा महत्वपूर्ण योगदान : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर

- पलवल में धूमधाम से मनाया गया हरियाणा गठन का जिला स्तरीय ‘हीरक जयंती’ समारोह

- समारोह में दिखी प्रदेश की 60 वर्षों की विशाल गौरवशाली यात्रा की भव्य झलक

- उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर किया समारोह का शुभारंभ

- 60 वर्षों में हरियाणा ने हर क्षेत्र में हासिल की नई ऊंचाइयां, बोले उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर

- ‘हीरक जयंती’ समारोह में आकर्षण का केंद्र रही पगड़ी बंधवाओ प्रतियोगिता

- उपायुक्त ने काली माता स्वरूप में प्रस्तुति देने वाली छात्रा को दिया खुश होकर दिया 51 सौ रुपए का इनाम

- ‘परिचय सुन हरियाणे का, सीएम साहब की सोच प्रांत को चमन बनाने का...’ गीत के माध्यम से सरकार उपलब्धियों का किया बखान

- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, विकसित भारत-विकसित हरियाणा और नशामुक्त भारत का दिलाया गया संकल्प

Posted On: 01 Nov 2026 4:21PM

पलवल, 1 नवंबर। हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को जिला प्रशासन और सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में पलवल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय ‘हीरक जयंती समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर जिला स्तरीय ‘हीरक जयंती’ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने हरियाणा स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने पर परिसर में दीप भी जलाए और जिलावासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर हरियाणवी रंग में रंगे नजर आए। समारोह में हरियाणा की 60 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, विकास, संस्कृति, वीरता और उपलब्धियों की मनमोहक और भव्य झलक देखने को मिली। जिला स्तरीय समारोह के दौरान धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय ‘हीरक जयंती’ समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रहीं। जबकि हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। 

60 वर्षों में हरियाणा ने हर क्षेत्र में हासिल की नई ऊंचाइयां : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने समारोह को संबोधित करते हुए सभी को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दिन हमारी गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध विरासत, वीरता, मेहनत और हरियाणवी स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा गीता की जन्मभूमि है। हरियाणा की 60 वर्षों की यात्रा संघर्ष, परिश्रम, साहस और उपलब्धियों से भरी रही है। प्रदेश ने कृषि, खेल, शिक्षा, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक विकास सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि हरियाणवी होने के नाते हमें अपनी भाषा, संस्कृति, वेशभूषा, अपने विचारों पर गर्व होना चाहिए। हम जिस दिन ये महसूस करने लग जाएंगे कि हरियाणवी एक हैं-हरियाणा एक है। हम सब एक जैसे हैं और हरियाणा को आगे लेकर जाएंगे तो हरियाणा विकसित होगा।

पलवल जिला का ‘विकसित हरियाणा और विकसित भारत’ के निर्माण में रहेगा महत्वपूर्ण योगदान
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि पलवल 2008 में हरियाणा प्रदेश का जिला बनाया गया। पलवल जिला हरियाणा प्रदेश का ही हिस्सा है। एनसीआर में रहते हुए जिला पलवल को अब जो योगदान देना है वो सबसे महत्वपूर्ण रहेगा तभी हम विकसित हरियाणा और विकसित भारत के बारे में सोच सकेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश वर्ष 2047 जब अपना 80वां स्थापना दिवस मना रहा होगा तब हम ‘विकसित हरियाणा और विकसित राष्टï्र’ में जी रहे होंगे।

युवा शक्ति हरियाणा प्रदेश को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के सिद्धांत पर चल रही है। इसी सोच के साथ सरकार द्वारा हरियाणा और हरियाणवी के विकास और भलाई के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। हरियाणा की पहचान देश के अन्न भंडार भरने वाले किसानों, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों और सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों से है। उन्होंने अशा व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश की युवा शक्ति आने वाले समय में हरियाणा को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से नशे सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों को याद करने और भविष्य के लिए नई दिशा तय करने का अवसर भी है। इस अवसर पर सभी को विकसित भारत-विकसित हरियाणा और नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाया गया।

‘हीरक जयंती’ समारोह में छाई रही पगड़ी बंधवाओ प्रतियोगिता
हीरक जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित पगड़ी बंधवाओ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता में सुनील, सुरेश और नरेश ठाकुर सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व लोगों ने इस अवसर पर पगड़ी बंधवाई। प्रतियोगिता के दौरान पगड़ी बांधने की कला और पारंपरिक शैली ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस आयोजन ने नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक पहनावे से जुडऩे का संदेश दिया। हीरक जयंती समारोह में यह प्रतियोगिता आकर्षण का विशेष केंद्र बनी और सभी ने इस पहल की सराहना की। 

हरियाणवी संस्कृति और लोक परंपराओं ने मोहा मन
जिला स्तरीय ‘हीरक जयंती’ समारोह में क्षेत्र की प्रसिद्ध बीन और नगाड़ा पार्टियों ने समारोह में आने वाले आगंतुकों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने ‘परिचय सुन हरियाणे का, सीएम साहब की सोच प्रांत को चमन बनाने का...’ विकास गीत के माध्यम से लोगों को हरियाणा सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया। लोक कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने ‘मैने कर दिया ऊंचा नाम मेरे हरियाणे का...’ व अन्य हरियाणवी नृत्यों, लोक नृत्य, समूह गान सहित अनेक शानदार प्रस्तुतियां देकर मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा, शौर्य और ग्रामीण जीवन की जीवंत झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथि उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने काली माता के स्वरूप में भव्य प्रस्तुति देने वाली ओम इंटरनेशनल विद्यालय की छात्रा आराध्या को खुश होकर अपनी और से 51 सौ रूपए देकर सम्मानित किया तथा अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर पुरस्कृत कर कलाकारों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

जिला वन विभाग ने पौधे वितरित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जिला वन विभाग पलवल द्वारा मंडल वन अधिकारी पलवल के मार्गदर्शन में पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को कुल 1,000 पौधे वितरित किए गए, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। डीएफओ सुरेश कुमार पुनिया ने लोगों को प्रेरित किया कि वे वितरित किए गए पौधों को अपने घरों, विद्यालयों, पार्कों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगाएं तथा उनकी उचित देखभाल भी करें, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण को हरा-भरा बना सकें।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, एसडीएम एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी भूपेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीति रावत, भाजपा जिला महामंत्री जयराम प्रजापति, दिनेश कौशिक सहित अन्य जन प्रतिनिधि व अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 10381)