azadi ka amrit mahotsav

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पानी व सीवरेज परियोजना का किया शुभारंभ

-कहा, लगभग 850 करोड़ की लागत से पलवल में सीवरेज व जलापूर्ति व्यवस्था होगी सुदृढ़

-विकास कार्यों के बाद मिलेगी स्थायी राहत

-स्टेडियम, मॉडल रोड और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी परियोजनाएं भी प्रगति पर

Posted On: 05 Apr 2026 5:49PM
पलवल, 5 अप्रैल। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सकारात्मक राजनीति के माध्यम से विकास कार्यों को गति दे रही है और पलवल में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया गया है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार को पलवल में वार्ड नंबर-12 जवाहर नगर कैंप स्थित धीगड़ा भवन परिसर में पानी एवं सीवरेज लाइन परियोजना का विधिवत नारियल फोडक़र शुभारंभ करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 332 करोड़ रुपये की लागत से पूरे शहर में सीवरेज और रैनीवेल परियोजना के तहत लगभग 522 करोड़ रुपए की लागत से जल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। यह परियोजना पलवल के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी, जिससे वर्षों पुरानी जल निकासी और पेयजल समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत लाइन पार के इलाकों में जल निकासी और मीठा पानी उपलब्ध हो, इसको लेकर विशेष तौर पर संसाधन और कार्य तेजी से किए जाएंगे। वहीं विकास कार्य करवाकर सरकार लाइन पार के इलाकों की सूरत बदलने को लेकर प्रतिबद्ध है
बॉक्स:-
विकास कार्यों के बाद मिलेगी स्थायी राहत
-नागरिकों से सहयोग और धैर्य रखने की अपील की

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि बड़े विकास कार्यों के बाद मिलने वाली सुविधाएं लंबे समय तक लाभकारी होंगी। यह परियोजना भविष्य में बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कार्यों के दौरान धैर्य रखें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और जनता को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
बॉक्स:-
खेल, सडक़ व अन्य आधारभूत ढांचे के विकास पर दिया विशेष जोर
-स्टेडियम, मॉडल रोड और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी परियोजनाएं भी प्रगति पर

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जानकारी दी कि पलवल में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम का उन्नयन लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जहां आधुनिक लाइटिंग और ट्रैक की व्यवस्था होगी, जिससे खिलाड़ी दिन-रात अभ्यास कर सकेंगे। इसके अलावा आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल रोड का निर्माण कार्य भी शुरू किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि शहर में 10 से 15 स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी विकसित किए जाएंगे, ताकि जलभराव की समस्या को कम किया जा सके। मंत्री ने स्वच्छता पर भी विशेष बल देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सफाई के प्रति जागरूक रहें और प्रशासन का सहयोग करें। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्य अतिथि खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का फूल मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।
बॉक्स:-
शहर में बिछाई जाएगी जलापूर्ति पाइपलाइन व सीवरेज लाइन : अधीक्षण अभियंता

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग पलवल के अधीक्षण अभियंता अजय तनेजा ने बताया कि इस परियोजना के तहत शहर में जलापूर्ति पाइप लाइन और सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान गलियों को नुकसान होने पर उन्हें पूरी तरह से पुनर्स्थापित किया जाएगा, जिसमें कच्ची गलियों को मोटरेबल बनाया जाएगा तथा पक्की गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि परियोजना में उच्च गुणवत्ता की डीआई पाइपलाइन का उपयोग किया जाएगा, जिसकी खरीद उच्च स्तरीय समिति द्वारा की गई है। साथ ही पुराने जल कनेक्शनों को निशुल्क पुनर्स्थापित किया जाएगा, जबकि नए कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि नालों की सफाई अब पूरे वर्ष नियमित रूप से करवाई जाएगी और शहर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कार्य के दौरान सहयोग करें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।
इस मौके पर मार्किट कमेटी पलवल के चेयरमेन पंकज विरमानी, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग पलवल के कार्यकारी अभियंता हेमंत कुमार, एसडीओ सुमित वर्मा, जेई गजे सिंह, कृष्ण शर्मा, विजय आर्य, संजय छाबड़ा, इंद्रपाल शर्मा, अजनीत कालड़ा, ओपी दलाल, हरबंस नारंग, अशोक अरोड़ा, अभिषेक बलेचा, प्रेम सागर, देवराज मेहता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

फोटो परिचय--06,07,08--।
000

 

*****

 


(Release ID: 1039)