Information, Public Relation and languages
शिक्षित बेरोजगार युवाओं को मिलेगा 1200 से 2000 रुपये तक मासिक बेरोजगारी भत्ता, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
-सामान्य बेरोजगारी भत्ता योजना 2026-27 के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू, पात्र युवाओं को मिलेगा योजना का लाभ
Posted On:
03 Nov 2026 4:06PM
सोनीपत, 03 नवंबर। हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से सामान्य बेरोजगारी भत्ता योजना 2026-27 के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हो चुकी है। पात्र युवा 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि योजना के तहत 12वीं उत्तीर्ण तथा दो वर्षीय डिप्लोमा धारक युवाओं को 1200 रुपये प्रतिमाह, जबकि स्नातक या इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं को 2000 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले युवा का हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके अलावा, एक नवंबर 2026 तक राज्य के किसी भी रोजगार कार्यालय में कम से कम लगातार तीन वर्ष से पंजीकृत होना चाहिए। आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक किसी शिक्षण संस्थान में विद्यार्थी या स्वयं नियोजित नहीं होना चाहिए तथा वह सक्षम युवा योजना का पात्र भी नहीं होना चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि आवेदक के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। परिवार के पास 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति और दो हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि भी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने पात्र युवाओं से अपील की कि आवेदन करते समय परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करके योजना का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, सोनीपत से सपंर्क करे।
*****
(Release ID: 10537)