Agriculture and farmer welfare
करनाल सहकारी चीनी मिल ने पिराई सत्र 2026-27 के लिए किया बॉयलर पूजन
Posted On:
03 Nov 2026 5:14PM
करनाल, 3 नवंबर। करनाल सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक अदिति ने बताया कि चीनी मिल का पिराई सत्र 2026-27, नवंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू होने जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ बॉयलर पूजन एवं हवन किया गया I इस अवसर पर मिल के सभी तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने आगामी पिराई सत्र की सफलता की कामना की Iमिल की प्रबंध निदेशक ने बताया कि मिल की मरम्मत एवं रख-रखाव का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। मिल में स्टीम ब्लोइंग का कार्य 11 नवंबर को किया जायेगा तथा मिल का मास्टर ट्रायल दिनांक 12 नवंबर को शुरू किया जायेगा । इस पिराई सत्र में करनाल सहकारी चीनी मिल ने 42 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य रखा है। इस सीजन में किसानों द्वारा कराई गई बॉन्डिंग में मुख्यतः CO-238, CO-239, COH-160, CO-118, CO-15023, CO-89003, CoH-188 अगेती किस्में एवं CO-119, CO-5011, CO-13035, CO-17018 मध्यम किस्में उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त किसानों के ठहरने के लिए अत्याधुनिक विश्राम गृह की व्यवस्था उपलब्ध है तथा रात भर ठहरने वाले किसानों के लिए जलपान हेतु कैंटीन की सुविधा भी मुहैया करवाई गयी है।प्रबंध निदेशक ने बताया कि इस वर्ष भी पूर्व की भांति गन्ना किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली चालू है। उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा गन्ना डालने की अपील की है।
*****
(Release ID: 10567)