azadi ka amrit mahotsav

*एचएसपीसीबी ने विद्यार्थियों को पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति किया जागरूक*

Posted On: 03 Nov 2026 6:52PM
*एचएसपीसीबी ने विद्यार्थियों को पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति किया जागरूक*

*एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की ली शपथ*

गुरुग्राम, 3 नवंबर-  हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) की ओर से त्योहारी सीजन के मद्देनजर खांडसा रोड स्थित एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गुरुग्राम में पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को पटाखों के हानिकारक प्रभावों तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एचएसपीसीबी के सहायक पर्यावरण अभियंता (एईई) कामेश तथा जेईई राघवेंद्र ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि पटाखों से निकलने वाला जहरीला धुआं, सूक्ष्म कण और तेज आवाज वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को बढ़ाते हैं। इससे विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पशु-पक्षियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्राचार्य गीतिका आहूजा और शिक्षकों ने भी इस पहल में सहयोग दिया तथा विद्यार्थियों से दीपावली को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों से सुरक्षित, स्वच्छ एवं हरित दीपावली मनाने के साथ-साथ अपने परिवार और पड़ोस के लोगों को भी प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
00000

 

*****

 


(Release ID: 10582)