- डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने जिलावासियों को दी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं
-दीपों का पर्व हर घर-आंगन में खुशहाली, सुख-समृद्धि और नई उमंग का संचार करें
- दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रतीक, सभी मिल-जुलकर मनाएं त्योहार: डीसी डाॅ. वैशाली शर्मा
जींद, 06 नवम्बर। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने दीपावली के पावन अवसर पर जिला के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि रोशनी और खुशियों का यह महापर्व प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि लेकर आए तथा जिले के प्रत्येक घर-परिवार में माता लक्ष्मी का वास हो। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में नई आशा, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
डीसी ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक आस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण एवं पवित्र त्योहार है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, बुराई से अच्छाई की ओर तथा निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करने का भी संदेश देती है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब हम अपनी खुशियों में समाज के प्रत्येक वर्ग को शामिल करें। इसलिए सभी जिलावासी दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मिल-जुलकर मनाएं। जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों के साथ भी खुशियां साझा करें, ताकि त्योहार की रोशनी हर घर तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति खुशियों से वंचित न रहे।
डीसी ने जिलावासियों से अपील की कि दीपावली के अवसर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखें तथा सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं। उन्होंने सभी नागरिकों के सुखद, स्वस्थ, खुशहाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व हर परिवार के जीवन में नई उमंग, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए।
..........................
*****