Enviornment & climate Change
झज्जर - ग्रीन पटाखों के नियमों की पालना के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त : जिलाधीश
7 व 8 नवंबर को निर्धारित समय पर ही कर सकेंगे ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल
सोमवार 9 नवंबर 2026 से सभी प्रकार के पटाखों पर फिर लागू होगा पूर्ण प्रतिबंध
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने जारी किए आदेश
Posted On:
06 Nov 2026 1:13PM
झज्जर, 06 नवंबर।
दीपावली पर्व के दौरान वायु एवं ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने तथा सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल को लेकर जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी आदेशों के अनुसार जिला झज्जर में केवल निर्धारित शर्तों के अनुरूप प्रमाणित ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति होगी। ग्रीन पटाखे 7 व 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात्रि 8 से 10 बजे तक ही फोड़े जा सकेंगे। वहीं, 9 नवंबर से जिला झज्जर की सीमा में सभी प्रकार के पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर दोबारा पूर्ण प्रतिबंध लागू हो जाएगा।
जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने दीपावली के दौरान आदेशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला के चारों उपमंडलों झज्जर, बेरी, बादली और बहादुरगढ़ में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। संबंधित एसडीएम अपने-अपने उपमंडल में ओवरऑल इंचार्ज होंगे और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के साथ समन्वय स्थापित कर कानून व्यवस्था तथा ग्रीन पटाखों से संबंधित निर्देशों की पालना सुनिश्चित करेंगे।
झज्जर, बेरी, बादली और बहादुरगढ़ में अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
जिलाधीश की ओर से जारी आदेशों के अनुसार झज्जर उपमंडल में कार्यकारी अभियंता युद्धवीर सिंह, नायब तहसीलदार अंशुल तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राहुल मेहरा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। बेरी उपमंडल में नायब तहसीलदार मनोज और नवदीप को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बादली उपमंडल में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी धर्मपाल तथा नायब तहसीलदार अरविंद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रहेंगे।
इसी प्रकार बहादुरगढ़ उपमंडल में नायब तहसीलदार प्रवीण, कार्यकारी अभियंता अमन मोर, एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक रोबिन बाटला, सहायक श्रम आयुक्त राजेंद्र हुड्डा तथा लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंता राजेश तोमर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में पुलिस के साथ समन्वय बनाकर निगरानी और निरीक्षण का कार्य करेंगे।
संयुक्त टीम करेंगी निरीक्षण, क्यूआर कोड से होगी पटाखों की पहचान
जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने बताया कि आदेशों की पालना के लिए थाना स्तर पर पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की संयुक्त गश्त एवं निरीक्षण टीम गठित की गई हैं। संबंधित एसडीएम इन टीमों के समग्र पर्यवेक्षण के लिए नोडल प्राधिकारी होंगे, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त जिला स्तर पर निगरानी करेंगे। संयुक्त टीमें निर्धारित बिक्री केंद्रों, दुकानों, भंडारण स्थलों और अन्य संबंधित स्थानों पर नियमित जांच करेंगी। प्रमाणित ग्रीन पटाखों की पहचान के लिए क्यूआर कोड की सत्यता जांची जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर नमूने लेकर पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) को भेजे जाएंगे। प्रतिबंधित पटाखे मिलने पर उन्हें तुरंत जब्त किया जाएगा।
शांत क्षेत्रों में 300 मीटर के दायरे में पटाखे फोड़ने पर रोक
जारी आदेशों के तहत जिला भर में अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक एवं जिला स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शिक्षण संस्थानों तथा अधिसूचित शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे को नो-क्रैकर जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के पटाखे फोड़ने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित तिथि और समय के अतिरिक्त पटाखों का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहेगा।
उल्लंघन पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने स्पष्ट किया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप 9 नवंबर 2026 से जिला में सभी प्रकार के पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रतिबंधित पटाखों की जब्ती, सुरक्षा राशि जब्त करने और लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने अधिकारियों को पटाखों के दुष्प्रभावों और प्रमाणित ग्रीन पटाखों की पहचान के संबंध में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण और स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करें और दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं।
----------------
फोटो कैप्शन : वर्षा खांगवाल, जिलाधीश झज्जर।
--------------
*****
(Release ID: 10789)