समाधान शिविरों में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान : एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम
एटीआर पोर्टल पर शिकायतों की सही जानकारी अपलोड करने और विभागीय समन्वय पर दिया जोर
Posted On:
06 Nov 2026 1:25PM
नूंह, 5 नवंबर। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय एवं सभी उपमंडलों में नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें बिजली, पेयजल, परिवार पहचान पत्र, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में बिजली, पेयजल, परिवार पहचान पत्र, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव है, उनका तुरंत निस्तारण किया जाए तथा शेष शिकायतों पर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग शिकायतों से संबंधित एटीआर पोर्टल पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जानकारी अपलोड करें। शिकायतों पर की गई कार्रवाई का स्पष्ट एवं तथ्यात्मक विवरण दर्ज किया जाए, ताकि प्रत्येक शिकायत की प्रभावी निगरानी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्ट करना सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शिविर के दौरान एसडीएम ने विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की और अधिकारियों को आपसी तालमेल एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं तत्परता से करें।
*****
(Release ID: 10793)