azadi ka amrit mahotsav

युवाओं की प्रतिभा को मिलेगा नया मंच, 19-20 नवंबर को सालाहेड़ी में होगा जिला युवा महोत्सव : ज्योति

पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 नवंबर, इच्छुक युवा जल्द करवाएं अपना पंजीकरण

Posted On: 06 Nov 2026 1:23PM
नूंह,  नवंबर। जिला नूंह में युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी कला एवं रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 19 एवं 20 नवंबर 2026 को जिला युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव राजकीय महिला महाविद्यालय, सालाहेड़ी में आयोजित होगा। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महोत्सव के आयोजन को लेकर आवश्यक निर्णय लिए गए हैं। उपायुक्त के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नूंह द्वारा संस्थान के प्रधानाचार्य अनिल दलाल के नेतृत्व में इस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने बताया कि महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। इसमें समूह लोक संगीत, समूह लोक नृत्य, चित्रकला, वाद्य यंत्र वादन, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ कला, संस्कृति एवं साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि समूह लोक संगीत एवं समूह लोक नृत्य प्रतियोगिताओं में अधिकतम सात कलाकार तथा तीन सहयोगी कर्मचारी भाग ले सकेंगे। इन दोनों प्रतियोगिताओं की प्रस्तुति की समय सीमा 5 से 8 मिनट निर्धारित की गई है। वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता में अधिकतम सात प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे तथा इसके लिए सात मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
चित्रकला एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं की विषयवस्तु 'विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा' रखी गई है। चित्रकला प्रतियोगिता के लिए छह घंटे का समय निर्धारित किया गया है। कविता लेखन प्रतियोगिता हिंदी, अंग्रेजी एवं क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित की जाएगी। वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अधिकतम 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इस प्रतियोगिता का विषय भी 'विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा' रहेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 4100 रुपये, 3100 रुपये एवं 2100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सामूहिक प्रतियोगिताओं में अधिकतम 41 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जिले के युवाओं से आह्वान किया कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। महोत्सव के लिए पंजीकरण करवाने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा अपने नजदीकी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क करके निर्धारित तिथि से पहले अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला युवा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना, उनमें रचनात्मकता को बढ़ावा देना तथा कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

*****

 


(Release ID: 10794)