health services
azadi ka amrit mahotsav

12 नवंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 19 नवंबर को होगा मॉप-अप दिवस : ज्योति

प्रजनन आयु वर्ग की 41 हजार 7 महिलाओं को भी दी जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली

Posted On: 06 Nov 2026 1:21PM
नूंह, 5 नवंबर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 12 नवंबर 2026 को जिला नूंह में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि नियंत्रण की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। इस अभियान के तहत जिले में कुल 7 लाख 9 हजार 777 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रजनन आयु वर्ग की 41 हजार 7 महिलाओं को भी कृमि नियंत्रण की दवा दी जाएगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर आयोजित जिला स्तरीय कार्यबल समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा 19 नवंबर 2026 को छूटे हुए लाभार्थियों के लिए विशेष दवा सेवन दिवस आयोजित किया जाएगा। इस विशेष दिवस पर उन सभी बच्चों एवं पात्र लाभार्थियों को कृमि नियंत्रण की दवा खिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश मुख्य अभियान के दौरान दवा लेने से वंचित रह जाएंगे।
बैठक में अभियान की तैयारियों, निर्धारित लक्ष्यों तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में पात्र बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों एवं शिक्षकों को अभियान के प्रति जागरूक किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा दवा सेवन से वंचित न रहे। निजी विद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दिन विद्यालयों में दवा सेवन की समुचित व्यवस्था की जाए और इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को समय पर उपलब्ध करवाई जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखना तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं शारीरिक विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप सिविल सर्जन डॉ. विशाल सिंगला, डॉ. आशीष सिंगला, डॉ. रजनीकांत, जिला किशोर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद आफताब, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 10795)