बढ़ते वायु प्रदूषण को मध्यनजर केवल 7 और 8 नवंबर को दो घंटे तय समय पर चलेंगे ग्रीन क्रैकर्स, ऑनलाइन बिक्री और लड़ियों पर पूर्ण प्रतिबंध
Posted On:
06 Nov 2026 12:16PM
जींद, 6 नवंबर :
सर्दियों के मौसम में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए जिला प्रशासन ने माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि सर्दियों के दौरान (विशेषकर अक्टूबर से जनवरी तक) हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर बढ़ने से बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 और विस्फोटक अधिनियम के तहत यह आदेश लागू किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में केवल सीएसआईआर-नीरी द्वारा प्रमाणित और पीईएसओ द्वारा लाइसेंस प्राप्त ‘ग्रीन क्रैकर्स’ (हरित पटाखों) की ही बिक्री की अनुमति होगी। बिक्री के लिए रखे जाने वाले हर बॉक्स पर सील बंद होना और एक विशिष्ट नॉन-ट्रान्सफरबल क्यूआर कोड होना अनिवार्य है, जिसे स्कैन करने पर निर्माता, नीरी पंजीकरण और लाइसेंस की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। त्योहारों के मद्देनजर ग्रीन क्रैकर्स के इस्तेमाल के लिए समय-सीमा तय कर दी गई है, जिसके अनुसार आगामी 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 बजे से सुबह 7 बजे तक और रात 8 बजे से 10 बजे तक ही पटाखे चलाए जा सकेंगे। इसके बाद 9 नवंबर से पटाखों की बिक्री और उनके फोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो जाएगा।
जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाते हुए बेरियम युक्त या नीरी द्वारा गैर-अनुमोदित पटाखों, और लड़ियों वाले पटाखों के निर्माण, बिक्री व उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा, किसी भी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए पटाखों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त पर भी सख्त रोक रहेगी। अस्पतालों, नर्सिंग होम, शिक्षण संस्थानों, वृद्धाश्रमों और अन्य शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे को ‘नो-क्रैकर जोन’ घोषित किया गया है, जहाँ पटाखे चलाना पूरी तरह वर्जित होगा। जिला की सीमाओं पर अवैध और पारंपरिक पटाखों के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष वाहन चेकिंग की जाएगी।
इन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने जींद, जुलाना, सफीदों, उचाना और नरवाना उप-मंडलों में एसडीएम और डीएसपी के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण एवं गश्त टीमों का गठन किया है। ये टीमें यह जांच करेंगी कि केवल क्यूआर कोड वाले प्रमाणित ग्रीन क्रैकर्स ही बिकें और तय समय का पालन हो। इसके साथ ही, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा दीवाली से पहले, दीवाली के दौरान और दीवाली के बाद की वायु गुणवत्ता की नियमित रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें। यदि कोई भी व्यक्ति या व्यापारी इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो भारतीय न्याय संहिता , विस्फोटक अधिनियम और अन्य सुसंगत कानूनों के तहत उसके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस तुरंत रद्द किए जाएंगे और उनकी सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि जब्त कर ली जाएगी।
*****
(Release ID: 10800)