कैथल। महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र महिलाएं 5 दिसंबर 2026 तक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों, साहस, नेतृत्व क्षमता एवं समाज के प्रति उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है।
डीसी अपराजिता ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न श्रेणियों में छह प्रकार के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत 1 लाख 50 हजार रुपये, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये तथा लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त महिला उत्कृष्ट उपलब्धि पुरस्कार के तहत सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं महिला उद्यमी श्रेणियों में 21-21 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कारों से संबंधित दिशा-निर्देश एवं अधिसूचना भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक, कोरियर अथवा ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन करने वाली महिला के पास वैध परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है तथा नामांकन की तिथि को आवेदक का जीवित होना आवश्यक है। आवेदक की उपलब्धियां स्पष्ट, प्रमाणिक एवं संबंधित दस्तावेजों से समर्थित होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदक को शपथ पत्र के माध्यम से यह घोषणा भी करनी होगी कि उसके विरुद्ध किसी न्यायालय, विभाग अथवा अन्य संस्था में कोई प्रतिकूल मामला लंबित नहीं है।
*****