कैथल, 6 नवंबर। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुलजार मलिक ने कहा कि जिला युवा महोत्सव का आयोजन 19 व 20 नवंबर को राजकीय आईटीआई कैथल में किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा और युवतियां भाग ले सकते हैं। इसलिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अधिक से अधिक युवाओं को इस महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिल सके।
सीईओ जिला परिषद गुलजार मलिक शुक्रवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसमें महोत्सव की तैयारियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने माई युवा भारत के जिला अधिकारी को भी निर्देश दिए कि गांव स्तर पर बनाई गए युवा एवं युवती मंडलों से अधिक से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान समूह नृत्य, समूह गीत, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन तथा फोक म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक युवा माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा किसी भी राजकीय आईटीआई से आवेदन फार्म प्राप्त कर फोटो, आधार कार्ड और बैंक खाते की प्रति संलग्न करते हुए आवेदन जमा करवाया जा सकता है। आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 16 नवंबर निर्धारित की गई है।
इस अवसर पर राजकीय आईटीआई कैथल के एपीओ पंकज कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, एआईपीआरओ अमित कौशिक, जिला युवा अधिकारी मोहित नेहरा, राजकीय बहुतकनीकी शेरगढ़ के प्राचार्य कुलवीर अहलावत, वर्ग अनुदेशक शमशेर सिंह, नरेश पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय महोत्सव में लेंगे भाग
राजकीय आईटीआई कैथल के एपीओ पंकज कुमार ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को डीबीटी के माध्यम से नकद पुरस्कार राशि प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए किया जाएगा।
*****