रोहतक, 6 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने दीपावली के शुभ अवसर पर जिला के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी जिला वासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना करते हुए कहा है कि दीपावली का पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उत्साह का संचार करे।
सतबीर सिंह ने कहा है कि दीपावली प्रकाश, उल्लास एवं बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं एकता का संदेश देता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस पर्व को आपसी सौहार्द एवं उत्साह के साथ मनाएं तथा समाज में प्रेम और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करें।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि दीपावली के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। सभी नागरिक ग्रीन दीपावली मनाने को प्राथमिकता दें तथा प्रदूषण रहित वातावरण बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने की अपील की।
सतबीर सिंह ने कहा है कि त्योहारों की वास्तविक खुशी जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा करने में है। इसलिए सभी नागरिक इस पावन अवसर पर जरूरतमंद लोगों की सहायता करें तथा सामाजिक समरसता एवं सद्भाव को बढ़ावा दें। उपायुक्त सतबीर सिंह ने सभी जिलावासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि लेकर आए।
*****