जिले में पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध, केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति : जिलाधीश महेंद्र पाल
दिवाली पर रात 8 से 10 बजे तक ही जला सकेंगे ग्रीन पटाखे, क्रिसमस और नववर्ष पर भी निर्धारित समय में मिलेगी छूट
Posted On:
06 Nov 2026 4:02PM
वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधीश महेंद्र पाल ने जिले में पटाखों की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल को लेकर आदेश जारी किए हैं। आदेशों के तहत जिले में सभी प्रकार के पटाखों, जिनमें लडिय़ां भी शामिल हैं, के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि निर्धारित शर्तों के अनुसार केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी गई है।जिलाधीश महेंद्र पाल ने बताया कि पटाखों से निकलने वाला धुआं और जहरीले रासायनिक तत्व वायु प्रदूषण को बढ़ाते हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पटाखों से वायु प्रदूषण के साथ ध्वनि प्रदूषण और ठोस कचरे की समस्या भी बढ़ती है। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि दिवाली और गुरुपर्व जैसे त्योहारों पर ग्रीन पटाखे रात 8 बजे से रात 10 बजे तक ही जलाए जा सकेंगे। वहीं क्रिसमस की पूर्व संध्या और नववर्ष की पूर्व संध्या पर रात 11 बजकर 55 मिनट से रात 12 बजकर 30 मिनट तक ही ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होगी। जिलाधीश ने कहा कि बेरियम अन्य खतरनाक रसायनों युक्त पटाखों पर भी प्रतिबंध रहेगा। फ्लिपकार्ट, अमेजन सहित किसी भी ई-कॉमर्स वेबसाइट को जिले में पटाखों के ऑनलाइन ऑर्डर स्वीकार करने और ऑनलाइन बिक्री करने की अनुमति नहीं होगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक, सभी उपमंडल अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, नगर निगम तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को नियमित छापेमारी कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधीश ने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक अधिनियम और विस्फोटक नियमों सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण और अपने परिवार के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन करें तथा त्योहारों को सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त तरीके से मनाएं।
*****
(Release ID: 10830)