azadi ka amrit mahotsav

जिला युवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने ली अधिकारियों की बैठक

19 और 20 नवंबर को होगा जिला युवा महोत्सव-2026, छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं

16 नवंबर तक करवा सकेंगे पंजीकरण, विजेताओं को मिलेंगे 2100 से 41 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार

Posted On: 06 Nov 2026 4:04PM

युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उन्हें अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा की ओर से 19 और 20 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला युवा महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ जिला और प्रदेश स्तर पर पहचान बनाने का बेहतर अवसर प्रदान करता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए शिक्षण संस्थानों, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य माध्यमों से युवाओं को प्रतियोगिताओं के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी राजकीय एवं निजी स्कूलों, कॉलेजों और आईटीआई में महोत्सव की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवा प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकें। युवाओं के पंजीकरण के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएं और सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर मंच, बैठने, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए निर्धारित नियमों एवं मानकों की जानकारी प्रतिभागियों को पहले से उपलब्ध करवाई जाए। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए निर्णायक मंडल की व्यवस्था भी समय रहते की जाए। प्रतियोगिताओं में शामिल होने के इच्छुक युवा 16 नवंबर तक अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि महोत्सव में छह विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, पेंटिंग तथा लोक वाद्य यंत्र समूह की प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 2100 रुपये से लेकर 41 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। लोक वाद्य यंत्र समूह प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढक़र भाग लें और अपनी प्रतिभा को सामने लाने के इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने और हरियाणा की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ रविंद्र झोरड़, जिला शिक्षा विभाग से नरेंद्र भाटिया, नेहरू  युवा केंद्र से कोमल, उच्चतर शिक्षा अधिकारी कमलेश दुहन, राजकीय कॉलेज से प्रवीण बिश्रोई, पॉलटैक्निकल से सिद्धार्थ शर्मा, एचएयू से रविंद्र नागर, ग्रुप इंस्ट्रक्टर ललित पुनिया, दीपक, राजेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


 

*****

 


(Release ID: 10831)