गतिविधि आधारित शिक्षा से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल
नन्हे कलाकारों ने रामलीला के मंचन से दिखाई प्रतिभा, अभिनय और संवादों से जीता दिल
जिले के 410 प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित की गई गतिविधि, जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अग्रोहा की टीम ने मारी बाजी
Posted On:
06 Nov 2026 4:06PM
निपुण हरियाणा मिशन के तहत विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को बाल भवन में जिला स्तरीय निपुण रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन कर अपनी अभिनय प्रतिभा, संवाद अदायगी और मंच संचालन कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कार्यक्रम शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि निपुण रामलीला जैसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को पहचानना, उन्हें निखारना और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति आधारित गतिविधियों से विद्यार्थियों में सीखने की रुचि बढ़ती है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। शिक्षा विभाग द्वारा जिले के हिसार एवं हांसी क्षेत्र के कुल 410 प्राथमिक विद्यालयों में निपुण रामलीला गतिविधि आयोजित करवाई गई। यह गतिविधि जिले के 9 खंडों के 114 कलस्टरों में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खंड स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अग्रोहा, उकलाना एवं हांसी प्रथम खंड की टीमों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।
जिला परियोजना समन्वयक विजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागी टीमों ने उत्साह, मेहनत एवं समर्पण के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने के साथ-साथ इसमें भागीदारी करना और मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला गांव लांधड़ी की टीम प्रथम, राजकीय प्राथमिक पाठशाला गांव ढाणा खुर्द की टीम द्वितीय तथा राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला गांव पाबड़ा की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को क्रमश: 5 हजार, 3 हजार एवं 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रामरतन, जिला परियोजना समन्वयक विजेंद्र सिंह, जिला एफएलएन समन्वयक प्रमोद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विजेंद्र पुनिया, सुरेश चंद्र, प्राचार्य यशपाल मोर सहित धूपेंद्र, प्रवीण कादियान, मीना देवी, लाल सतीश, बालमिया, अनिल शिवाच, शिल्पा, रोशनी, सोमा, उपासना, राहुल, सुशील, सुमित्रा, कृष्ण तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


*****
(Release ID: 10832)