azadi ka amrit mahotsav

अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए 2 दिसंबर 2026 तक करें ऑनलाइन आवेदन:- उपायुक्त सतबीर सिंह

Posted On: 06 Nov 2026 4:43PM

रोहतक, 6 नवंबर: उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए हर वर्ष अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है। करनाल के कुंजपुरा स्थित सैनिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए छठी व नौवीं कक्षा में प्रवेश के लिए छात्र व छात्राओं से 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए है। पात्र विद्यार्थी स्कूल की वेबसाइट  https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/   पर आवेदन कर सकते है तथा वेबसाइट पर अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा का ब्रॉशर भी उपलब्ध है।
सतबीर सिंह ने बताया कि कुंजपुरा सैनिक स्कूल में छठी कक्षा में छात्रों के लिए लगभग 120 सीटें रिक्त है, जिनमें से छात्रों के लिए 108 एवं छात्राओं के लिए 12 सीटें आरक्षित है। इसी तरह कक्षा नौ में प्रवेश के लिए 30 सीटें रिक्त है, जिनमें से 26 सीटें छात्रों एवं 4 सीटें छात्राओं के लिए है। सैनिक स्कूल से संबंधित राज्य / केंद्र शासित प्रदेश के उम्मीदवारों के लिए 67 प्रतिशत सीटें आरक्षित होगी, जबकि अन्य राज्यों /  केंद्र शासित प्रदेशों के उम्मीदवारों के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित होगी।
बॉक्स:-
छठी कक्षा में प्रवेश के लिए 300 अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा:-
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए ओएमआर आधारित प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा पेपर व पेंसिल पर आधारित होगी। इस परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल होंगे तथा ओएमआर शीट पर आधारित होगी। छठी कक्षा इस परीक्षा में कुल 300 अंक होंगे तथा 125 प्रश्न होंगे। छठी कक्षा की प्रवेश परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न पूछे जायेंगे, जिनके कुल 150 अंक होंगे। बुद्धि परीक्षण के 25 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल 50 अंक होंगे। भाषा ज्ञान के 25 प्रश्न होंगे, जिनके अधिकतम अंक 50 होंगे। इसी प्रकार सामान्य ज्ञान के 25 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल 50 अंक होंगे। इस प्रकार परीक्षा में 125 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल अंक 300 होंगे।
बॉक्स:-
नौवीं कक्षा में प्रवेश के लिए 400 अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा:-
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि नौवीं कक्षा की इस परीक्षा में कुल 400 अंक होंगे तथा 150 प्रश्न होंगे। नौवीं कक्षा की प्रवेश परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल 200 अंक होंगे। अंग्रेजी भाषा के 25 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके 50 अंक होंगे। बुद्धि परीक्षण के 25 प्रश्र पूछे जाएंगे, जिनके कुल 50 अंक होंगे। इसी प्रकार सामान्य विज्ञान के 25 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल 50 अंक होंगे। सामाजिक अध्ययन के 25 प्रश्न पूछे जाएंगे जिनके अधिकतम अंक 50 होंगे।
बॉक्स:-
प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा प्रवेश, मेडिकल फिटनेस भी जरूरी:-
सतबीर सिंह ने बताया कि प्रवेश केवल ओएमआर आधारित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा तथा उम्मीदवार की मेडिकल फिटनेस भी होनी चाहिए। कुल सीटों की 15 प्रतिशत अनुसूचित जाति, साढ़े सात प्रतिशत अनुसूचित जनजाति तथा 27 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणियों के लिए आरक्षित होगी तथा शेष सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें रक्षा कर्मियों के बच्चों के लिए आरक्षित है, जिनमें भूतपूर्व सैनिक भी शामिल है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए छठी कक्षा में प्रवेश के लिए उम्मीदवार का जन्म एक अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के मध्य होना चाहिए (दोनों तिथियां शामिल) तथा कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों का जन्म एक अप्रैल 2012 एवं 31 मार्च 2014 के मध्य हुआ हो।


 

*****

 


(Release ID: 10835)