azadi ka amrit mahotsav

घर-आंगन, तन-मन को शुद्ध करने के लिए काम हो: डॉ चौहान

धनतेरस पर सर्वे संतु निरामया की प्रार्थना

Posted On: 06 Nov 2026 4:55PM
नीलोखेड़ी/   करनाल, 6 नवम्बर।   हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के सभा कक्ष में धनतेरस के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि धनतेरस केवल धन और वैभव की कामना का पर्व नहीं, बल्कि आरोग्य, स्वच्छता, सकारात्मकता और समृद्ध जीवन का संकल्प लेने का भी अवसर है।

उन्होंने कहा कि भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद और आरोग्य का देवता माना जाता है। प्रत्येक व्यक्ति को आज के दिन अपने स्वास्थ्य को लेकर नए सिरे से संकल्पित होना चाहिए। स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और सकारात्मक चिंतन को प्राथमिकता दें।

इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि की आराधना की गई तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से धन्वंतरि मंत्र का पाठ किया। डॉ. चौहान ने कहा कि धनतेरस का वास्तविक संदेश अपने जीवन को हर प्रकार के दारिद्र्य, नकारात्मकता और क्षुद्रताओं से मुक्त करने का है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने भवन, तन और मन को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सकारात्मक बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समृद्धि का अर्थ केवल आर्थिक संपन्नता नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर, निर्मल मन, स्वच्छ परिवेश, श्रेष्ठ विचार और सामाजिक सद्भाव भी वास्तविक समृद्धि के आधार हैं। संस्थान के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ संस्थान के कार्य परिवेश को भी स्वस्थ, स्वच्छ और सकारात्मक बनाने में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में सहायक आचार्य संदीप भारद्वाज, सहायक आचार्य सुशील मेहता, अटवान के सरपंच विक्रम सिंह, ईश्वर सिंह, रजनीश कुमार, महेंद्र सिंह, बलवान सिंह सहित संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 10849)