azadi ka amrit mahotsav

गरीबों, जरूरतमंदों और समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक समय पर स्वास्थ्य सहायता पहुंचाना मानवता की सच्ची सेवा : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर

- उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने रेडक्रॉस की एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी

Posted On: 06 Nov 2026 5:42PM

पलवल, 6 नवंबर।
गरीबों, जरूरतमंदों और समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना मानवता की सच्ची सेवा है। जरूरत के समय किसी बीमार या पीड़ित व्यक्ति को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बात उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसाइटी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने रेडक्रॉस की एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कही। इस अवसर पर एंबुलेंस का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया गया

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी लंबे समय से जरूरतमंद लोगों की सहायता और मानव सेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एंबुलेंस के संचालन से जिला में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से गरीब परिवारों, दिहाड़ी मजदूरों और श्रमिक वर्ग के लोगों को दिन के समय स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। आर्थिक अभाव या अन्य किसी परेशानी के कारण कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति समय पर चिकित्सा सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। रेडक्रॉस का उद्देश्य भी जरूरतमंद लोगों की मदद करना और मानवीय संवेदनाओं के साथ समाज की सेवा करना है। उन्होंने रेडक्रॉस से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मानव सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। एंबुलेंस के शुरू होने से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सुविधा जुड़ गई है।
000

 

*****

 


(Release ID: 10862)