azadi ka amrit mahotsav

*धनतेरस पर गुरुग्राम जिले के लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक क्लिक से खातों में हस्तांतरित की राशि*

Posted On: 06 Nov 2026 7:49PM
*धनतेरस पर गुरुग्राम जिले के लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक क्लिक से खातों में हस्तांतरित की राशि*

*जिले के 1 लाख 12 हजार 355 पेंशन लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 36 करोड़ 89 लाख 24 हजार रुपये, लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 9,745 मातृशक्ति को मिले 2 करोड़ 4 लाख 64 हजार 500 रुपये*

गुरुग्राम, 6 नवंबर। धनतेरस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के लाखों लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात देते हुए एक क्लिक से उनके बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर गुरुग्राम जिले के भी हजारों लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि पूर्व में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती थी। हालांकि, दीपावली के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस बार लाभार्थियों को समय से पहले आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 6 नवंबर को ही राशि जारी कर दी, ताकि त्योहार के अवसर पर लाभार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत गुरुग्राम जिले के 1 लाख 12 हजार 355 लाभार्थियों के बैंक खातों में 36 करोड़ 89 लाख 24 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है। इन योजनाओं में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं शामिल हैं। इसी प्रकार, दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत जिले की 9,745 मातृशक्ति के बैंक खातों में 2 करोड़ 4 लाख 64 हजार 500 रुपये की राशि सीधे भेजी गई है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक समय पर आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा लाभार्थियों के विवरण, पात्रता और बैंक खातों से संबंधित प्रक्रियाओं की नियमित निगरानी की जाती है, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिलने में परेशानी न हो। 
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं, दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
0000

 

*****

 


(Release ID: 10867)