azadi ka amrit mahotsav

10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन स्व-जनगणना की मिलेगी सुविधा :- डीसी अपराजिता

जनगणना 2027 के लिए तैयारियां शुरू, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगे प्रगणक

Posted On: 20 Nov 2026 4:20PM
कैथल, 20 नवंबर। डीसी अपराजिता ने बताया कि जनगणना 2027 के तहत दूसरे चरण में 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-जनगणना के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज करवाने की सुविधा उपलब्ध होगी।

डीसी ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए आधार तैयार करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जनगणना में भागीदारी करते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाए।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्व-जनगणना की सुविधा के तहत नागरिक घर बैठे निर्धारित पोर्टल पर अपने परिवार से संबंधित विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल तकनीक के माध्यम से संपन्न करवाई जाएगी।

डीसी ने बताया कि जनगणना के दौरान नागरिकों से प्राप्त व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति के अलावा भाषा और प्रवास सहित विभिन्न पहलुओं से संबंधित जानकारी ली जाएगी।

उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी दें तथा सत्यापन प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें। जनगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि यह कार्य व्यवस्थित एवं निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सके।

डीसी ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में लगे अधिकृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालना दंडनीय अपराध है। ऐसा करने पर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला के नागरिकों से जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

 

*****

 


(Release ID: 10924)