कैथल, 20 नवंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा यमुनानगर से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला नागरिक अस्पतालों में अमृत फार्मेसी केंद्रों का एक साथ शुभारंभ किया गया। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भी अमृत फार्मेसी केंद्र का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीलाराम, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग तथा सांसद प्रतिनिधि रविंदर धीमान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अमृत फार्मेसी केंद्र का निरीक्षण भी किया। एसडीएम संजय कुमार व सीएमओ डॉ बलविंदर गर्ग ने सभी अतिथियों का कार्यक्रम में पहुंचने पर पौधा भेंट कर स्वागत किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि अमृत फार्मेसी आमजन, विशेषकर गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। कैंसर, हृदय रोग, किडनी सहित अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली ब्रांडेड दवाइयां और सर्जिकल उपकरण अक्सर काफी महंगे होते हैं, जिसके कारण आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अमृत फार्मेसी की शुरुआत की है। जिसके माध्यम से अस्पताल परिसर में ही उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयां, इम्प्लांट्स और सर्जिकल उपकरण एमआरपी से 50 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध होंगे।
पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत प्रधानमंत्री जन औषधि जैसी जनकल्याणकारी पहल को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से आह्वान किया कि प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को अमृत फार्मेसी की जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में महंगी दवाइयां खरीदने को मजबूर न हो।
पूर्व विधायक लीलाराम ने कहा की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश के अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, सोनीपत और यमुनानगर के जिला अस्पतालों में यह सुविधा शुरू की गई है। ये केंद्र आमजन के लिए काफी लाभदायक साबित होंगे।
पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन के लिए सुलभ बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। अमृत फार्मेसी की शुरुआत भी उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने कहा कि उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योजना कार्यान्वित की गई है। आयुष्मान भारत तथा चिरायु योजना से पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है।
सांसद नवीन जिंदल के प्रतिनिधि रविंदर धीमान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। अमृत फार्मेसी इसी सोच को साकार करने वाली जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिंदल की ओर से कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लगभग 900 गांवों में तीन मेडिकल वैन के माध्यम से सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ संजय कुमार, सीएमओ डॉ बलविंदर गर्ग, पीएमओ डॉ मीनाक्षी गोयल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।
*****