Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा के अनुसूचित जाति के किसानों के लिए बड़ी सौगात

ट्रैक्टर खरीदने पर मिलेगा 3 लाख रुपये तक की अनुदान राशि

Posted On: 20 Nov 2026 4:14PM
करनाल, 20 नवम्बर। उप कृषि निदेशक डा. जसविंदर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना शुरू की गई है। इसके तहत पात्र किसानों को 45 एच.पी. या इससे अधिक क्षमता का नया ट्रैक्टर खरीदने पर 3 लाख रुपये तक का अनुदान राशि दी जाएगी।

उप कृषि निदेशक डॉ. जसविंदर सिंह ने बताया कि इस योजना के लिए योग्य किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला करनाल के इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल www.agriharyana.gov.in  पर 15 दिसंबर 2026 तक अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। आवेदक किसान का ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। आवेदनकर्ता किसान के स्वयं के नाम अथवा परिवार पहचान पत्र में शामिल परिवार के किसी भी सदस्य के नाम कृषि भूमि होना आवश्यक है। यदि किसान या उसके परिवार के किसी सदस्य ने पिछले 5 वर्षों के दौरान ट्रैक्टर पर किसी सरकारी योजना के तहत अनुदान का लाभ लिया है, तो वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि योजना से जुड़ी अधिक जानकारी या सहायता के लिए किसान उप निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा सहायक कृषि अभियंता के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

 

*****

 


(Release ID: 10931)