azadi ka amrit mahotsav

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने जिला की मंडियों का किया निरीक्षण :-

Posted On: 15 Apr 2026 5:30PM

रोहतक, 15 अप्रैल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने आज महम, रोहतक व सांपला मंडियों का निरीक्षण करते हुए कहा कि सरकार किसानों की फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में फसल आवक के चलते मंडियों में अत्यधिक व्यस्तता है, लेकिन प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों व आढ़तियों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में बारदाने की कोई कमी नहीं है और फसल उठान में हो रही दिक्कत को भी दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ते दबाव को देखते हुए गेट पास प्रणाली में सुधार किया गया है। अब एंट्री और आउटसाइड गेट पास को अलग-अलग कर दिया गया है, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति में सुधार होगा और कार्य तेजी से हो सकेगा।
पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में फसल का सीजन अब कम समय में सिमट गया है, जिससे एक साथ अधिक मात्रा में फसल मंडियों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में नई व्यवस्थाएं लागू की गई है। इन व्यवस्थाओं से किसानों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के खातों में सीधे भुगतान की व्यवस्था एक बड़ा सुधार है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और किसानों को सीधा लाभ मिला है।
मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार द्वारा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निर्णय लिए जाते हैं, ताकि सभी हितधारकों को लाभ मिल सके। प्राइवेट एजेंसियों की भूमिका पर उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी दोनों क्षेत्र देश के विकास में समान रूप से योगदान देते हैं। मंडियों में खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक रिकॉर्ड रखे जाते हैं। ओलावृष्टि और बारिश से फसल को हुए नुकसान के संदर्भ में कृषि मंत्री ने कहा कि फसलों को हुए नुकसान की सूचना मिलने पर सरकार द्वारा इसका आंकलन करवाकर किसानों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा दिया जाएगा।
कृषि एव किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने फसल सीजन से पहले ही मंडियों में पक्के रास्ते, शेड और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि किसानों को फसल बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि वे अब तक पंचकूला, अंबाला, जींद, रोहतक, पानीपत सहित कई जिलों की मंडियों का दौरा कर चुके हैं और पूरे अप्रैल माह में निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद, उठान और भुगतान प्रक्रिया को और अधिक तेज व सुचारू बनाया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी मंडी में तोल या अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत मिलती है, तो उसे तुरंत ठीक किया जाएगा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार, दीपक हुड्डा, रोहतक मार्केट कमेटी के चेयरमैन अशोक चौधरी, महम मार्केट कमेटी चेयरमैन ईश्वर, सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, महम मार्केट कमेटी के उप चेयरमैन लीलू बेडवा, रोहतक मार्केट कमेटी के सचिव दीपक, महम मार्केट कमेटी सचिव दीपक, सांपला मार्केट कमेटी की सचिव सविता सैनी, महंत सतीश दास, राजकुमार सुनारिया, बंसी विज, राजकमल सहगल, हरिओम भाली, प्रवीन कौशिक व राकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व आढति एसोसिएशनों के पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।


 

*****

 


(Release ID: 1094)