Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

पैडी स्ट्रा सप्लाई चैन के लिए 25 नवंबर तक जारी होंगे परमिट

Posted On: 20 Nov 2026 5:03PM

करनाल, 20 नवंबर। कृषि तथा किसान कल्याण विभाग द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम के अंतर्गत पैडी स्ट्रा सप्लाई चैन स्थापित करने के लिए चयनित किसानों को परमिट जारी करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उप-कृषि निदेशक डॉ. जसविंदर सिंह ने बताया कि पूर्व में चयनित किसानों को 13 नवंबर तक परमिट जारी करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। परंतु समय के अभाव के कारण सभी चयनित किसान अपने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवा पाए थे। किसानों की सुविधा और उन्हें पुनः अवसर प्रदान करते हुए विभाग ने परमिट जारी करने की तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर निर्धारित की है।

25 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक जमा करवाने होंगे दस्तावेज
सहायक कृषि अभियंता कुलबीर सिंह ने बताया कि चयनित किसानों को दूरभाष के माध्यम से तथा पत्र जारी कर इस संबंध में सूचना दी जा चुकी है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज 25 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे से पहले सहायक कृषि अभियंता, करनाल के कार्यालय में जमा करवा दें, ताकि समय पर परमिट जारी किए जा सकें।

अधिक जानकारी के लिए किसान सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, करनाल में संपर्क कर सकते हैं।

 

*****

 


(Release ID: 10941)