फरीदाबाद से शुरू हुआ हरियाणा का सबसे बड़ा पॉश ट्रेनिंग एवं जागरूकता अभियान
- कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया शुभारंभ, जिला की करीब 1250 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभागीय महिला कर्मचारियों को किया जाएगा जागरूक
Posted On:
20 Nov 2026 5:04PM
फरीदाबाद, 20 नवंबर।
महिला एवं बाल विकास विभाग, फरीदाबाद तथा विजयश्री एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट एवं लोकल कम्प्लेंट्स कमेटी की चेयरपर्सन एडवोकेट विजयश्री अत्री के संयुक्त तत्वावधान में जिला की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभागीय महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए जागरूक एवं प्रशिक्षित करने हेतु विशेष पॉश (POSH) ट्रेनिंग एवं जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि इस अभियान का शुभारंभ किया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। किसी भी देश और समाज की वास्तविक प्रगति में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
विपुल गोयल ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए लाडो लक्ष्मी योजना, मातृशक्ति उद्यमिता योजना, पोषण अभियान तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत के लिए एडवोकेट विजयश्री अत्री एवं उनकी टीम को बधाई देते हुए अभियान की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक एवं विजयश्री एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक एडवोकेट विजयश्री अत्री ने उपस्थित महिलाओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए पॉश एक्ट के कानूनी प्रावधानों, नियमों एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया और कहा कि प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वह किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध प्रभावी ढंग से आवाज उठा सके।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत जिले की करीब 1250 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभागीय महिला कर्मचारियों को पॉश एक्ट के प्रावधानों एवं कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से फरीदाबाद में बड़े स्तर पर महिला कर्मचारियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं शिकायत निवारण तंत्र के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. मंजू श्योराण, पोषण अभियान की जिला संयोजक गीतिका सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के सफल आयोजन एवं प्रबंधन में तत्व सत्या एलएलपी का भी विशेष योगदान रहा।
*****
(Release ID: 10942)