सीएम घोषणाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय पर काम न करने वाले अधिकारियों की होगी जिम्मेदारी तय: डॉ. आनंद कुमार शर्मा
डीसी ने की सीएम घोषणाओं की समीक्षा, 146 घोषणाओं में से 56 पेंडिंग, 90 पर काम जारी
Posted On:
20 Nov 2026 5:04PM
करनाल, 20 नवंबर। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने आज जिला सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार समीक्षा बैठक ली। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों से पेंडिंग व इन-प्रोग्रेस घोषणाओं का ब्यौरा लिया गया। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 146 सीएम घोषणाएं हैं, जिनमें से 56 पेंडिंग हैं और 90 पर काम चल रहा है।डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो कार्य प्रगति पर हैं उन्हें जल्द पूरा किया जाए तथा लंबित घोषणाओं को लेकर जल्द कार्य शुरू किया जाए और हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट दी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो कार्य नहीं होने वाले हैं उन्हें नॉट फिजीबल करवाया जाए। विभागवार स्थिति इस प्रकार रही- पंचायत एवं विकास विभाग की 63 में से 16 लंबित तथा 47 प्रगति पर हैं, जन स्वास्थ्य विभाग की 19 में 11 लंबित, 8 प्रगति पर, स्वास्थ्य विभाग की 13 में से 4 लंबित तथा 9 प्रगति पर हैं। इसी प्रकार से सिंचाई विभाग की 10 में से 6 लंबित व 4 प्रगति पर, मौलिक शिक्षा विभाग की 6 में से 3 लंबित व 2 प्रगति पर, शहरी निकाय विभाग की 6 में से 4 लंबित व 2 प्रगति पर, खेल विभाग की सभी 5 लंबित, माध्यमिक शिक्षा विभाग की 5 में से 1 लंबित व 5 प्रगति पर, पशुपालन विभाग की 5 में से 1 प्रगति पर हैं।डीसी ने कहा कि पंचायत एवं विकास विभाग व लोक निर्माण विभाग में सबसे ज्यादा घोषणाएं लंबित हैं, इसलिए इन पर विशेष फोकस किया जाए। जिन घोषणाओं में जमीन, बजट या टेंडर की अड़चन है, उनका समाधान तुरंत कराया जाए और उपायुक्त कार्यालय की ओर से डीओ लेटर मुख्यालय भिजवाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम घोषणाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय पर काम ना करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
*****
(Release ID: 10945)