azadi ka amrit mahotsav

पलवल नागरिक अस्पताल में शुरू हुई ‘अमृत फार्मेसी’, आमजन को मिलेगी राहत

- केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने वर्चुअल माध्यम से रिमोट का बटन दबाकर किया शुभारंभ

- जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला रहे मुख्य अतिथि

- सरकार की राजकीय अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां किफायती कीमतों पर उपलब्ध करवाने की पहल

Posted On: 20 Nov 2026 3:27PM

पलवल, 20 नवंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेश के जिला यमुनानगर में आयोजित कपाल मोचन मेला में हरियाणा प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में वर्चुअल माध्यम से अमृत फार्मेसी का रिमोट का बटन दबाकर शुभारंभ किया। सरकार की इस पहल के तहत जिला अस्पताल पलवल में भी अमृत फार्मेसी की शुरुआत की गई है। जिला पलवल स्थित नागरिक अस्पताल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रिबन काटकर अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने कहा कि सरकार की ओर से अमृत फार्मेसी के माध्यम से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां किफायती दरों पर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अमृत फार्मेसी का उद्देश्य आमजन को दवाइयों पर होने वाले खर्च से राहत प्रदान करना और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ एवं जनहितकारी बनाना है। जिला अस्पताल पलवल में अमृत फार्मेसी शुरू होने से मरीजों तथा उनके परिजनों को अस्पताल परिसर में ही उचित कीमत पर दवाइयां प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

मुख्य अतिथि विपिन बैंसला ने कहा कि सरकार की इस पहल से विशेष रूप से गरीब, जरूरतमंद और गंभीर अथवा लंबे समय से बीमारियों का उपचार करा रहे मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। किफायती दरों पर दवाइयां उपलब्ध होने से मरीजों के उपचार में आर्थिक बाधाएं कम होंगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी की शुरुआत हरियाणा सरकार की नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सरकारी अस्पतालों में उपचार के साथ दवाइयों की उपलब्धता को सुविधाजनक बनाने की यह पहल मरीजों के हित में अहम साबित होगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतिंद्र वशिष्ठ, उप सिविल सर्जन डा. रामेश्वरी देवी सहित अन्य चिकित्सक और अस्पताल के स्टाफ कर्मचारी उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 10949)