azadi ka amrit mahotsav

सीएम विंडो पर शिकायतों के समाधान में पलवल जिला प्रदेशभर में दूसरे स्थान पर : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर

- उपायुक्त ने शुभकामनाएं देते हुए कहा सभी अधिकारी पलवल जिला को पहले स्थान पर लाने के लिए करें सामूहिक प्रयास

- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ओवरड्यू मामलों का प्राथमिकता

Posted On: 20 Nov 2026 3:25PM

पलवल, 20 नवंबर। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि सीएम विंडो पर प्राप्त नागरिकों की शिकायतों के समाधान के मामले में पलवल जिला ने प्रदेशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की कार्यकुशलता, जवाबदेही तथा शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी अधिकारी सामूहिक प्रयास करते हुए सभी लंबित शिकायतों का निपटान कर पलवल जिला को पहले स्थान पर लाने के लिए पूरी गंभीरता के साथ प्रयास करें।

इससे पहले आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दुस्मंता कुमार बेहरा की अध्यक्षता में समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में सीएम विंडो, समाधान शिविरों, सीएम जनसंवाद और एसएमजीटी सहित विभिन्न शिकायत निवारण पोर्टलों पर लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पलवल से उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक उपरांत जिला के संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर शिकायत निवारण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पोर्टल पर शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पर शिकायतों के समाधान में पलवल जिला का प्रदेशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना जिला प्रशासन की जनहितकारी कार्यप्रणाली और नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। जिला प्रशासन के सभी अधिकारी भविष्य में इसी प्रतिबद्धता के साथ जन शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए पलवल जिला को पहले स्थान पर लाने के लिए प्रयास करें।

एटीआर अपलोड करने में नियमों की अनदेखी न करें अधिकारी
उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत ओवरड्यू नहीं होनी चाहिए। शिकायत का निस्तारण करने के बाद उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) सभी आवश्यक तथ्यों एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ पोर्टल पर सही तरीके से अपलोड की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कोई भी डीडीओ बिना हस्ताक्षर और सरकारी मुहर के एटीआर अपलोड न करे। एटीआर पर संबंधित सक्षम अधिकारी अथवा एमिनेंट पर्सन के हस्ताक्षर होना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

औपचारिकता नहीं, शिकायत का वास्तविक समाधान हो प्राथमिकता
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि समाधान प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य आमजन की शिकायतों और लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करना है। इसलिए अधिकारी शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई करके अपनी जिम्मेदारी पूरी न समझें, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को उचित एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने सीएम विंडो, सीपीजीआरएएमएस, सीएम जनसंवाद, समाधान शिविर तथा सीएम एसएमजीटी हरियाणा पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निस्तारित शिकायतों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। हरियाणा सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जितेंद्र कुमार, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, तहसीलदार दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 10950)