पलवल चीनी मिल का पिराई सत्र 23 नवंबर को होगा शुरू : प्रबंध निदेशक द्विजा
- 27 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई का अनुमान
Posted On:
20 Nov 2026 2:52PM
पलवल, 20 नवंबर।
पलवल सहकारी चीनी मिल के पिराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ सोमवार 23 नवंबर को प्रातः: 10 बजे किया जाएगा। पलवल चीनी मिल की प्रबंध निदेशक द्विजा ने जानकारी देते हुए बताया कि मिल के सभी बाह्य गन्ना क्रय केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं तथा पिराई सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने सभी गन्ना क्रय केंद्रों के ट्रांसपोर्टरों से अपील की कि वे समय रहते अपने ट्रांसपोर्ट एवं लेबर की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें ताकि किसी भी केंद्र पर गन्ने की लदाई एवं ढुलाई के दौरान चीनी मिल प्रशासन और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रबंध निदेशक द्विजा ने बताया कि इस वर्ष मिल क्षेत्र में कुल 20,692 एकड़ में गन्ने की फसल है। क्षेत्र के गन्ना किसानों द्वारा 41.65 लाख क्विंटल गन्ने की बॉन्डिंग करवाई गई है, जबकि मिल को लगभग 27 लाख क्विंटल गन्ना मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पिराई सत्र के दौरान सर्वप्रथम अगेती किस्म के पेड़ी गन्ने की खरीद की जाएगी, जिसके बाद क्रमश: मध्यम एवं पछेती किस्म के पेड़ी गन्ने की खरीद की जाएगी। उन्होंने गन्ना किसानों से अपील की कि वे गन्ने की कटाई के लिए समय अनुसार श्रमिकों की व्यवस्था करें तथा मिल के हित एवं बेहतर पिराई प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए साफ-सुथरा गन्ना ही मिल में आपूर्ति करें।
000
*****
(Release ID: 10952)