Ayush
आयुष विभाग की पांच दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा कार्यशाला का हुआ विधिवत समापन
- विशेषज्ञों ने प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न आयामों की दी जानकारी, योग सहायकों को दिया प्रशिक्षण
Posted On:
21 Nov 2026 6:42PM
पलवल, 21 नवंबर।
महानिदेशक आयुष विभाग हरियाणा एवं हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में आयुष विभाग पलवल द्वारा आयोजित पांच दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा कार्यशाला का विधिवत समापन हुआ। कार्यशाला का आयोजन आगा नेचुरोपैथी एवं वेलनेस सेंटर, पलवल के सहयोग एवं समन्वय से किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डा. हमीदुल्लाह ने समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। प्रकृति के साथ समन्वय स्थापित करके ही मनुष्य स्वस्थ और निरोगी जीवन जी सकता है। तंदुरुस्ती मानव जीवन का सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने सभी योग सहायकों से आह्वान किया कि वे प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाएं और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर उन्होंने कार्यशाला में योगदान देने वाले सभी विशेषज्ञों को आयुष विभाग की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यशाला के दौरान नेचुरोपैथी एवं वेलनेस सेंटर से डा. गरिमा महाजन, डा. आकाश पोसवाल, योगाचार्य सुखबीर, डा. रामजीत, योगाचार्य ललित एवं सतवीर ने प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने आहार एवं प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांत, एक्यूप्रेशर एवं एक्यूपंक्चर, शिरोधारा, जल चिकित्सा, सूर्य चिकित्सा, मिट्टी चिकित्सा, प्राकृतिक आहार चिकित्सा, रंग चिकित्सा, ठंडा लेप, जलनेति, सूत्रनेति, अभ्यंग, सेक तथा जलौका थेरेपी सहित विभिन्न उपचार पद्धतियों के बारे में प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में आयुष योग सहायकों जितेंद्र, धीरज, शशि सहरावत, भगत सिंह, नरवीर, अमरजीत एवं वीना ने प्रतिभागियों के समक्ष जलनेति और सूत्रनेति की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इससे प्रतिभागियों को प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न प्रक्रियाओं को समझने और उनका व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर डा. कुलदीप प्रसाद, डा. आशू सिंह, डा. ममता, डा. शहनाज, डा. अकबर अली, आयुष योग सहायक अभयपाल रावत, जितेंद्र, धीरज, योगेश एवं योगाचार्य सतीश कुमार सहित अन्य योग सहायक उपस्थित रहे।
000
*****
(Release ID: 10981)