झज्जर - जनसेवा से जुड़े कार्यां में सजगता बरतते हुए अधिकारी अपने दायित्व का करें निर्वहन : राव नरबीर
प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक में की परिवादों की सुनवाई
परिवेदना समिति की बैठक में 10 शिकायतों का मौके पर किया निपटारा
Posted On:
23 Nov 2026 2:35PM
झज्जर, 23 नवंबर।
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को मूर्त रूप दे रही है। विकासात्मक सोच के साथ हरियाणा को आगे ले जाने में सरकार जनसेवा को समर्पित होते हुए अंत्योदय की भावना से विकास कार्यों को बढ़ावा दे रही है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह सोमवार को झज्जर स्थित संवाद भवन में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक में परिवादों की सुनवाई कर रहे थे।
जिला प्रशासन की ओर से डीसी वर्षा खांगवाल ने कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह का स्वागत किया। साथ ही जिला भर में चल रही प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराया। परिवेदना समिति की बैठक में 15 परिवाद रखे गए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया,जबकि 5 के अविलंब समाधान के निर्देश दिए।
उद्योग एवं वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार आम जनता की शिकायतों व समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में जनसेवा से जुड़े कार्यां में सजगता बरतते हुए अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन प्रभावी ढंग से करें। अधिकारियों को चाहिए कि वे सरकार द्वारा लागू योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से सुनिश्चित करें। उन्होंने परिवेदना समिति की बैठक में सुनवाई उपरांत कहा कि सरकार की ओर से न सिर्फ प्रदेश की जनता की शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई की जा रही है, बल्कि उनका प्राथमिकता के आधार पर तेजी से निस्तारण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाएं। यदि प्रक्रिया में समय लगे तो परिवादी को समय सीमा बताएं तथा काम पूरा होने पर उसे सूचित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से संबंधित विभागीय अधिकारी व परिवादी आपसी तालमेल के साथ परिवादी को संतुष्ट करते हुए समाधान कराना सुनिश्चित करें। परिवेदना समिति की बैठक में रखे गए परिवादों की सुनवाई के बाद मौके पर ही अन्य शिकायतों का निवारण भी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।
विकासात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही सरकार
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में सरकार का समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण, उत्थान एवं उदय पर पूरा फोकस हैं। सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है।आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए के लिए फिक्रमंद है, इसलिए प्रदेश में नई-नई योजनाएं लागू कर जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जा रहा है।
बैठक में यह रहे मौजूद
जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में बहादुरगढ़ विधायक राजेश जून, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, नगरपालिका बेरी के चैयरमेन देवेंद्र कादयान, भाजपा नेता संजय कबलाना, महिला बाल विकास निगम की पूर्व चेयरमैन सुनीता चौहान, मनीष बंसल, राजपाल जांगड़ा के अलावा जिला प्रशासन की ओर से डीसी वर्षा खांगवाल, पुलिस आयुक्त सिमरदीप सिंह,डीसीपी शुभम सिंह, डीसीपी धारणा यादव,एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम झज्जर रवि मीणा,सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल,एसडीएम बादली विशाल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
--------------------
फ़ोटो कैप्शन : झज्जर स्थित संवाद भवन में सोमवार को जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में जनसमस्याएं सुनते उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह।
-------------------
*****
(Release ID: 11023)