Census Operations
झज्जर - जनगणना-2027
सटीक आंकड़ों के लिए घर-घर पहुंचेगा प्रशासन : डीसी
आगामी 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन स्व-गणना, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी
Posted On:
23 Nov 2026 2:33PM
झज्जर, 23 नवंबर।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को व्यवस्थित, पारदर्शी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनगणना कार्य में सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना सम्बन्धी प्रशिक्षण दिया जा चुका है,आगे भी समय समय पर निदेशालय के दिशा निर्देश अनुरुप प्रशिक्षण दिया जाएगा
10 जनवरी से शुरू होगी स्व-गणना, मोबाइल एप से जुटाई जाएगी जानकारी
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत हरियाणा में 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे। जनगणना की प्रक्रिया मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से पूरी की जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के तहत कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करें और कार्य के दौरान आंकड़ों की सटीकता, आपसी समन्वय तथा निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखें।
अधिकारियों और कर्मचारियों को समझाई कार्यप्रणाली
जनगणना कार्य से जुड़े नोडल अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि जनगणना कार्य को प्रभावी, व्यवस्थित और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न करवाना है। उन्होंने जनगणना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर बल दिया ।
-------------
फ़ोटो। वर्षा खांगवाल, डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी, झज्जर।
-------------
*****
(Release ID: 11024)