azadi ka amrit mahotsav

झज्जर - सर्दी में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर विशेष कार्य योजना तैयार करें अधिकारी : डीसी

डीसी वर्षा खांगवाल ने सर्दी के चलते प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

Posted On: 23 Nov 2026 2:31PM
झज्जर, 23 नवंबर।
एनसीआर  क्षेत्र में सर्दी के मौसम में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने और जिला की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में  सोमवार को अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।   इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ सुनील श्योराण ने प्रदूषण नियंत्रण को  लेकर विस्तृत जानकारी सांझा की। बैठक में सर्दी में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2027 के लिए जिला स्तरीय वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाएं। खुले में ठोस कचरा एवं बायोमास जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी की जाए। इसके साथ ही सड़कों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने, निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे (सीएंडडी वेस्ट) का उचित प्रबंधन करने तथा यातायात जाम की समस्या को कम करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की पहचान करते हुए नियंत्रण  उपाय हों सुनिश्चित
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जिला में प्रदूषण की दृष्टि से संवेदनशील हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष कार्ययोजना लागू की जाए। संबंधित विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की पहचान करते हुए नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करें। कार्यों की नियमित निगरानी और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करना भी प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए।
बैठक में वर्ष 2027 के लिए जिला वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इस योजना के तहत जिले में वायु प्रदूषण के स्तर में अधिकतम सुधार का लक्ष्य निर्धारित किया गया । इसके लिए प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों के अनुसार विभागवार कार्य निर्धारित करने, लक्ष्य तय करने, कार्य पूरा करने की समयसीमा निर्धारित करने और निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।
सभी विभागों को सामूहिक रूप से प्रयास करने के निर्देश
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सामूहिक रूप से प्रयास करने होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपायों को गंभीरता से लागू करें और जिला झज्जर में स्वच्छ एवं बेहतर वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करें।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से क्षेत्रीय अधिकारी डॉ सुनील श्योराण, एडीटीओ राजेश मलिक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से एसडीओ डॉ जगजीत सांगवान,सहायक कृषि अभियंता डॉ राकेश कुमार, तकनीकी अधिकारी डॉ रोहित वत्स सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
-----------------
फ़ोटो। झज्जर लघु सचिवालय में सोमवार को प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश देती डीसी वर्षा खांगवाल।
-----------------

 

*****

 


(Release ID: 11025)