azadi ka amrit mahotsav

समाधान शिविर में जिला परिषद के सीईओ ने सुनी आमजन की समस्याएं

अतिक्रमण हटवाने, आधार कार्ड दुरुस्तीकरण, आर्थिक सहायता, आवास योजना की लंबित किस्त का लाभ प्रदान करने, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा में दर्ज डाटा दुरुस्त करवाने व परिवार पहचान पत्र सहित विभिन्न समस्याओं के समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

Posted On: 23 Nov 2026 3:05PM

कैथल, 23 नवंबर। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक ने आमजन की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह के अलावा अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे। शिविर में आधार कार्ड दुरुस्तीकरण, अतिक्रमण हटवाने, आर्थिक सहायता, आवास योजना की लंबित किस्त का लाभ प्रदान करने, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा में दर्ज डाटा दुरुस्त करवाने व परिवार पहचान पत्र सहित विभिन्न समस्याएं आई।

          गांव संगतपुरा निवासी सुभाष ने पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायत दी, जिस पर कार्रवाई के लिए बीडीपीओ को आवश्यक निर्देश जारी किए। शक्तिनगर निवासी झंडू ने आधार कार्ड में बायोमैट्रिक अपडेट करवाने के बावजूद भी आधार नंबर रद्द दिखाया गया है, इसे दुरूस्त करवाने के लिए प्रार्थना की, जिस पर समाधान के लिए क्रीड विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शक्ति नगर निवासी सुखविंद्र ने शिकायत की कि बिजली के शोर्ट सर्किट की वजह से घर में आग लग गई और घर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। इस पर उन्होंने आर्थिक सहायता के लिए प्रशासन से मांग की, जिस पर सीटीएम को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए। गांव कुराड़ निवासी जिले सिंह ने आईएवाई स्कीम के तहत लंबित तीसरी किस्त जारी करवाने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव देवबन निवासी राजेंद्र ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा में डाटा दुरूस्त करने,चंदाना गेट निवासी शीशपाल ने चंदाना गेट पर अतिक्रमण हटवाने की शिकायत दी, जिस पर संबंधित अधिकारियों का समाधान करवाने के निर्देश दिए। 

          जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन का भी आह्वान किया कि कैथल के लघु सचिवालय, कलायत व गुहला के उपमंडलों में समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है, इसलिए सभी 10 बजे से 12 बजे के बीच अपनी समस्याएं जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं, ताकि समस्याओं व शिकायतों का समाधान करवाया जा सके। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

*****

 


(Release ID: 11031)