लघु सचिवालय सभागार में एडीसी प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ समाधान शिविर
Posted On:
23 Nov 2026 3:11PM

हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की कड़ी में सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एडीसी प्रदीप कुमार ने की, जबकि इस अवसर पर डीआरओ राजकुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, प्रॉपर्टी आईडी, इंतकाल और परिवार पहचान पत्र सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनकी एडीसी ने गंभीरता से सुनवाई की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रेवेंस पोर्टल पर प्राप्त अपने-अपने विभाग की लंबित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
शिविर के दौरान नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। गांव उचाना खुर्द निवासी रामचंद्र ने बकाया बुढ़ापा पेंशन दिलवाने की गुहार लगाई, जिस पर एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, नरवाना निवासी राजकुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित आवेदन की स्थिति स्पष्ट करते हुए योजना का लाभ दिलवाने की मांग रखी। इसी प्रकार गांव ढाकल निवासी ममता ने अपने बेटे का स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) दिलवाने के लिए शिकायत प्रस्तुत की।
एडीसी ने सभी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीति के तहत जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह सोमवार और गुरुवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है और प्रशासन द्वारा एक ही छत के नीचे निश्चित समयावधि में शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों में पहुंचें।
*****
(Release ID: 11032)