वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए अधिकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं जागरूकता, ठोस कार्ययोजना के साथ करें प्रभावी कार्रवाई: नगराधीश मोनिका रानी
- गांवों में चूल्हे पर खाना बनाने वाली महिलाओं को जागरूक कर पात्र परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश
- कचरा जलाने, सड़कों की धूल और निर्माण मलबे से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए विभागों को सौंपी जिम्मेदारी
- पराली जलाने वालों तथा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ की जाए नियमानुसार सख्त कार्रवाई
- प्रत्येक गांव में नियुक्त किए गए हैं नोडल अधिकारी, तैयार किया गया है जिला स्तरीय एक्शन प्लान
जींद, 23 नवम्बर। नगराधीश मोनिका रानी ने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। स्वच्छ हवा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों की पहचान कर उनकी रोकथाम के लिए प्रभावी एवं परिणाम आधारित कार्य योजना तैयार करें। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में लकड़ी एवं अन्य पारंपरिक ईंधन से चूल्हा जलाकर खाना बनाने वाली महिलाओं को जागरूक किया जाए तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन एवं सिलेंडर उपलब्ध करवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि घरेलू स्तर पर होने वाले धुएं को कम करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। अधिकारियों का एक छोटा सा सराहनीय कदम लाखों लोगों के जीवन और स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। इसलिए सभी विभाग इस कार्य को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ धरातल पर लागू करें।
नगराधीश मोनिका रानी सोमवार को एनआईसी केंद्र में आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिठोड़े ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों को वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में नगराधीश मोनिका रानी ने सदस्य सचिव को अवगत करवाया कि जींद जिला में वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक गांव में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय एक्शन प्लान भी तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण के संभावित स्रोतों की नियमित निगरानी करें और समस्या सामने आने पर बिना देरी किए आवश्यक कार्रवाई करें।
-कचरे और निर्माण मलबे का वैज्ञानिक तरीके से करवाएं निस्तारण
नगराधीश ने नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण एवं तोड़फोड़ कार्यों से निकलने वाले मलबे को सड़कों और खुले स्थानों पर बिखरा न रहने दें। इसे निर्धारित स्थानों पर एकत्रित कर उचित निस्तारण की व्यवस्था की जाए। निर्माण मलबे के प्रबंधन के लिए प्रोसेसिंग प्लांट लगाने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़कों पर उड़ने वाली धूल वायु प्रदूषण का एक प्रमुख कारण है। इसलिए नियमित मशीनों से सफाई करवाने के साथ-साथ पानी का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाए। धूल के हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा प्रत्येक स्थान के लिए जिम्मेदार नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।
-खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर लगाएं प्रभावी रोक
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को खुले में जलाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए। विशेष रूप से बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, निर्माण स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी की जाए। गार्ड एवं सुरक्षा कर्मचारियों को सर्दी से बचाव के लिए गैस हीटर अथवा इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाए, ताकि वे लकड़ी, कचरा या अन्य अपशिष्ट पदार्थ जलाकर वातावरण को प्रदूषित न करें।
-किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति करें जागरूक
नगराधीश ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेतों में फसल अवशेष जलाने की किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जाए। अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दें और उन्हें फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से न केवल वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है।
-प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ बरतें सख्ती
उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन में ढिलाई बरतता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगराधीश ने कहा कि प्रदूषित वायु का सीधा प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसके कारण सांस लेने में परेशानी, दमा, फेफड़ों एवं हृदय से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्वच्छ वायु और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि जींद जिला को प्रदूषण मुक्त एवं स्वच्छ वातावरण की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। इस अवसर पर डीएसपी गौरव शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुखदेव कम्बोज, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड जींद के क्षेत्रीय अधिकारी अश्वनी धीमान, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.............................
*****