समाधान शिविर में सोमवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना है, इसलिए किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। समाधान शिविर में कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुई।
समाधान शिविर में गांव पातन निवासी सूबे सिंह द्वारा ग्राम पंचायत की ओर से सरकारी स्कूल एवं प्राथमिक कन्या विद्यालय के पास बनाए जा रहे बरसाती नाले में घटिया निर्माण सामग्री एवं ईटों के प्रयोग की जांच करवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। गांव आदमपुर निवासी एक प्रार्थी द्वारा बेटी को नाजायज परेशान करने वाले हरियाणा रोडवेज चालक के विरुद्ध कार्रवाई करने संबंधी मांग पर उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को उक्त मामले पर उचित कार्यवाही करने को कहा।
गांव सातरोड़ कलां निवासी सोनू इंदौरा द्वारा गांव में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत आवंटित प्लॉटो की कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्र में सार्वजनिक वेस्ट प्वाइंट बनवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रार्थी की मांग पर आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी। अग्रसेन कॉलोनी निवासी एक प्रार्थी के द्वारा घोड़ा फार्म रोड के पास मलबा उठवाने एवं अवैध अतिक्रमण उठवाने संबंधित शिकायत पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को मामले की जांच कर त्वरित कार्यवाही करने निर्देश दिए।
इसी प्रकार गांव सदलपुर के ग्राम वासियों द्वारा पंचायत भूमि पर सेवा पखवाड़े के दौरान लगाए गए 63 खेजड़ी के पौधों को उखाडक़र गेहूं की बिजाई करने व अवैध कब्जे तथा पूर्व शिकायतकर्ता पर कार्रवाई न होने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने डीडीपीओ को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करने के दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
*****