azadi ka amrit mahotsav

सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा, छत्तीस बिरादरी का सम्मान और कल्याण हमारा संकल्प : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा, हरियाणा के सभी 23 जिलों की होगी भागीदारी

Posted On: 23 Nov 2026 4:28PM
सामाजिक समरसता भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है। अनुसूचित जाति समाज सहित प्रदेश की छत्तीस बिरादरी के हितों की रक्षा, सभी को समान सम्मान और विकास के अवसर देना भाजपा की प्रतिबद्धता है। समाज की वास्तविक तरक्की तभी संभव है, जब सभी वर्ग बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे के साथ खड़े हों। यह बात कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को हिसार स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने ने कहा कि सदगुरू रविदास महाराज ने सदियों पहले समानता, भाईचारे और भेदभावमुक्त समाज का जो संदेश दिया था, आज भी वह उतना ही प्रासंगिक है। उनके 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और एकजुटता का बड़ा अभियान है। इसका उद्देश्य संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाना है। कैबिनेट मंत्री ने संत रविदास की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा, ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न। छोट बड़ो सब सम बसै, रैदास रहै प्रसन्न। इन पंक्तियों में ऐसे समाज की कल्पना की गई है, जहां किसी के साथ ऊंच-नीच का व्यवहार न हो और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिले। संत-महापुरुष किसी एक जाति या वर्ग के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के मार्गदर्शक होते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने की भावना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी इसी सोच के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और प्रदेश की अन्य बिरादरियों के सम्मान एवं हितों की रक्षा भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों के योगदान को व्यापक पहचान और सम्मान दिलाने की आवश्यकता है। उनकी शिक्षाओं को केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक व्यवहार का हिस्सा बनाना होगा। समरसता संकल्प यात्रा इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सदगुरू रविदास महाराज के 650 वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई करीब 2,402 किलोमीटर लंबी यात्रा विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों के लगभग 47 शहरों से होकर वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी। हरियाणा में यह यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को तीन दिन रहेगी। मुख्य यात्रा यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल सहित आठ जिलों से गुजरेगी। वहीं हिसार सहित अन्य 15 जिलों से निकलने वाली उपयात्राएं निर्धारित स्थानों पर मुख्य यात्रा में शामिल होंगी। इस तरह प्रदेश के सभी 23 जिलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें संत समाज, सामाजिक संगठनों और छत्तीस बिरादरी के लोगों की बड़ी भागीदारी रहेगी। 26 नवंबर को यात्रा करनाल और पानीपत होते हुए सोनीपत पहुंचेगी, जहां बहालगढ़ में जनसभा आयोजित होगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को दिल्ली से हरियाणा में दोबारा प्रवेश करने के बाद फरीदाबाद में बड़ी जनसभा होगी। इसके बाद यात्रा पलवल और होडल से होते हुए आगे प्रस्थान करेगी। कैबिनेट मंत्री ने प्रदेशवासियों से समरसता संकल्प यात्रा में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव केवल भाषणों और नारों से मजबूत नहीं होता, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान देने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने से मजबूत होता है। जब छत्तीस बिरादरी एकजुट होकर खड़ी होती हैं, तभी हरियाणा की सामाजिक शक्ति और गौरवशाली पहचान सामने आती है। समरसता संकल्प यात्रा इसी भाईचारे और एकता को और मजबूत करने का माध्यम बनेगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपरा, जिला मीडिया सह-प्रभारी सतनाम सैनी तथा पूर्व आईपीएस दलबीर भारती सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




 

*****

 


(Release ID: 11036)