azadi ka amrit mahotsav

बुजुर्गों को काशी विश्वनाथ के दर्शन करवाएगी हरियाणा सरकार, नि:शुल्क तीर्थ यात्रा की तैयारी

दिसंबर-जनवरी में विशेष ट्रेन से वाराणसी जाएंगे श्रद्धालु, जल्द शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

Posted On: 23 Nov 2026 4:28PM
प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वाराणसी यात्रा की तैयारी कर रही है। इस योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों को विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। यात्रा दिसंबर या जनवरी माह में प्रस्तावित है। इसके लिए जल्द ही ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के पात्र बुजुर्गों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही पात्र लोगों को इसकी जानकारी दी जाए और ऑनलाइन आवेदन करने में जरूरतमंद बुजुर्गों की मदद सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी दिनों में विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से सरकार बुजुर्गों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर प्रदान कर रही है। इससे पहले भी योजना के तहत हरियाणा के श्रद्धालुओं को अयोध्या और महाराष्ट्र के श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की नि:शुल्क यात्रा करवाई जा चुकी है। उपायुक्त ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 60 वर्ष होनी चाहिए तथा उसके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र बुजुर्ग पोर्टल खुलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना की पात्रता एवं आवेदन संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बुजुर्ग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

 

*****

 


(Release ID: 11037)