उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार समाधान शिविरों में आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से किया जा रहा समाधान
सोमवार को जिले में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 10 शिकायतें हुईं दर्ज, 02 शिकायतों का मौके पर किया गया समाधान
Posted On:
23 Nov 2026 4:43PM
नूंह, 23 नवंबर। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सोमवार को जिले में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इनमें नूंह जिला स्तरीय शिविर में 05, फिरोजपुर-झिरका में 01, तावड़ू में 03 तथा पुन्हाना उपमंडल में 01 शिकायत दर्ज की गई।
जिला राजस्व अधिकारी रणविजय सुल्तानिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में हंसीरा पत्नी जफरुदीन ने शिकायत दी कि पिछले कई वर्षों से उनके खेत में गांव का गंदा पानी जा रहा है, जिससे उनकी फसल खराब हो गई है। उन्होंने खराब हुई फसल का मुआवजा दिलवाने की मांग की। वहीं, फिरोजपुर-झिरका निवासी अंजू ने बिजली का बिल ठीक करवाने तथा रतनलाल ने लंबे समय से खराब बिजली मीटर को ठीक करवाने और गलत तरीके से लगाए गए जुर्माने को माफ करवाने की मांग को लेकर शिकायत दर्ज करवाई।
इसी प्रकार शाहपुर नंगली निवासी नसीरी पत्नी नब्बू ने नगर परिषद नूंह द्वारा 120 वर्ग गज की अलग प्रॉपर्टी आईडी बनवाने, जबकि गांव गहबर निवासी सुरजीत ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नूंह शाखा के प्रबंधक द्वारा उनकी माता के बैंक खाते की केवाईसी नहीं किए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। जिला राजस्व अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर सीधे समाधान शिविरों में पहुंचें और किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध करवाना तथा शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करते हुए उन्हें पारदर्शी, जवाबदेह एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आमजन से निर्धारित दिनों में आयोजित होने वाले समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
*****
(Release ID: 11040)