azadi ka amrit mahotsav

प्राकृतिक आपदा, आगजनी और भवन ढहने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए 27 नवंबर को लघु सचिवालय के प्रांगण में होगा नागरिक सुरक्षा मॉक अभ्यास : उपायुक्त अखिल पिलानी

शाम 3 बजे आयोजित होगा अभ्यास, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा जाएगा

Posted On: 23 Nov 2026 4:42PM
नूंह, 23 नवंबर। जिला नूंह में आपातकालीन परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 27 नवंबर को शाम 3 बजे लघु सचिवालय के प्रांगण में नागरिक सुरक्षा मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता, आपसी समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन किया जाएगा।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रशासनिक तंत्र का सतर्क और तैयार रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उपायुक्त ने बताया कि मॉक अभ्यास में प्राकृतिक आपदा, आगजनी, भवन ढहने के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। इसके तहत प्रभावित स्थानों से लोगों को सुरक्षित निकालने, मलबे में फंसे व्यक्तियों की तलाश एवं बचाव, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, होमगार्ड, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, संबंधित सैन्य इकाइयों, एनसीसी कैडेट्स तथा अन्य संबंधित विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभाग आपातकालीन स्थिति में अपने संसाधनों और उपलब्ध सुविधाओं के साथ तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार रहें।
उपायुक्त ने बताया कि मॉक अभ्यास के दौरान भारतीय सेना अथवा संबंधित स्थानीय सैन्य इकाइयों के समन्वय से टेबल-टॉप अभ्यास भी आयोजित किया जा सकता है। इसका उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव उपकरणों, अग्निशमन वाहनों, एंबुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं तथा आपातकालीन संचार व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विभाग जारी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार अपनी तैयारियां पूरी रखें, ताकि किसी भी अप्रत्याशित घटना के समय बिना देरी के प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

 

*****

 


(Release ID: 11041)