azadi ka amrit mahotsav

बाल विवाह रोकने के लिए चलाया जा रहा 100 दिवसीय जागरूकता अभियान

Posted On: 23 Nov 2026 4:56PM

-21 दिसंबर तक चलेगा अभियान, बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों को बताए जा रहे बाल विवाह के दुष्परिणाम
रेवाड़ी, 23 नवंबर।

जिला बाल सरंक्षण अधिकारी सरिता शर्मा ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला में 100 दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 21 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इसी कड़ी में सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांव बखापुर कसौला में विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के प्रति जागरूक किया गया।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से बच्चों, किशोरों, युवाओं, अभिभावकों और ग्रामीणों को बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिलाओं का संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह से बच्चों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है। इससे उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास में भी बाधा आती है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह निषिद्ध है। इसके आयोजन, संपादन और प्रोत्साहन में शामिल लोगों के लिए दंड का प्रावधान है।

सरिता शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को बाल विवाह रोकने के कानूनी उपायों के बारे में जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने लोगों से बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने और ऐसी किसी भी संभावित घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण विभाग से प्रमोद बागड़ी सहित विद्यालय के स्टाॅफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।
---------

 

*****

 


(Release ID: 11046)